फतेहपुर। लंबे समय से जर्जर हुसैनगंज-हथगाम मार्ग की मरम्मत का रास्ता साफ हो गया है। शासन ने सड़क की मरम्मत के लिए 10 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। इसके साथ ही बजट की पहली किस्त के रूप में 1.67 करोड़ भी जारी कर दिए गए हैं। बजट मिलने से अब जल्द ही सड़क की मरम्मत शुरू होने की उम्मीद जगी है।
हुसैनगंज से हथगाम को जोड़ने वाला यह मार्ग क्षेत्र के हजारों लोगों के आवागमन का प्रमुख रास्ता है। लंबे समय से सड़क जगह-जगह क्षतिग्रस्त है। गहरे गड्ढों के कारण राहगीरों को आवागमन में मुश्किलों का सामना करना पड़ता है। सबसे ज्यादा परेशानी दोपहिया वाहन चालकों को होती है।
बारिश के दौरान सड़क की हालत और खराब हो जाती है। स्थानीय लोग लंबे समय से मार्ग की मरम्मत की मांग उठा रहे थे। अब शासन से बजट स्वीकृत होने और पहली किस्त जारी होने के बाद लोक निर्माण विभाग ने मरम्मत की प्रक्रिया शुरू करने की तैयारी तेज कर दी है। विभागीय औपचारिकताएं पूरी होते ही काम शुरू कराया जाएगा।
हुसैनगंज-हथगाम मार्ग की मरम्मत के लिए शासन से 10 करोड़ की स्वीकृति मिली है। पहली किस्त के रूप में 1.67 करोड़ रुपये जारी हो चुके हैं। आगे की प्रक्रिया पूरी कर जल्द मरम्मत कार्य शुरू कराया जाएगा।
– सुधीर कुमार, चीफ इंजीनियर, पीडब्ल्यूडी।

