Fatehpur News: फतेहपुर जिले में बुधवार दोपहर हुए भीषण सड़क हादसे ने तीन परिवारों की खुशियां छीन लीं. हुसैनगंज थाना क्षेत्र के चंदीपुर गांव के समीप लखनऊ राजमार्ग पर एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर लगने से बाइक सवार तीनों लोग सड़क पर गिर पड़े और ट्रक के पहियों के नीचे आ गए. इस दर्दनाक हादसे में मां-बेटी समेत तीन लोगों की जान चली गई. घटना की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया.

निमंत्रण में शामिल होने बहुआ जा रहे थे तीनों

जानकारी के अनुसार, हुसैनगंज थाना क्षेत्र के असनी गांव निवासी सौरभ मौर्य (22) बुधवार दोपहर अपनी बाइक से मोहम्मद शरीफ की पत्नी शबनम (40) और उनकी 16 वर्षीय बेटी इल्मा को लेकर बहुआ जा रहे थे. तीनों को वहां एक निमंत्रण कार्यक्रम में शामिल होना था.

बताया जा रहा है कि दोपहर करीब एक बजे उनकी बाइक चंदीपुर गांव के समीप लखनऊ राजमार्ग पर पहुंची. इसी दौरान सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार तीनों लोग उछलकर सड़क पर जा गिरे.

ट्रक के पहियों के नीचे आने से तीनों की मौत

हादसे के बाद सड़क पर गिरे बाइक सवार ट्रक की चपेट में आ गए. ट्रक के पहियों से कुचलने के कारण शबनम, उनकी बेटी इल्मा और बाइक चला रहे सौरभ मौर्य की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई.

एक ही दुर्घटना में तीन लोगों की जान जाने से घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी. मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और मृतकों की पहचान कर उनके परिजनों को सूचना दी.

कोटेदार का बेटा था सौरभ मौर्य

इस हादसे में जान गंवाने वाला सौरभ मौर्य असनी गांव के कोटेदार चंद्रगुप्त मौर्य का पुत्र था. वहीं, मृतक शबनम और इल्मा आपस में मां-बेटी थीं. हादसे की जानकारी मिलते ही तीनों परिवारों में मातम छा गया. जिन परिवारों में खुशियों और निमंत्रण की तैयारी थी, वहां अब अपनों को खोने का गम पसरा हुआ है.

पुलिस ने ट्रक को पकड़ा, जांच जारी

हुसेनगंज थाना प्रभारी दीपनारायण ने बताया कि मृतकों की पहचान 40 वर्षीय शबनम पत्नी मोहम्मद शरीफ, उनकी 16 वर्षीय पुत्री इल्मा और बाइक चालक सौरभ मौर्य निवासी असनी के रूप में हुई है. पुलिस ने परिजनों को घटना की जानकारी दे दी है.

वहीं, सीओ सिटी गौरव शर्मा ने बताया कि सड़क हादसे की जांच की जा रही है. दुर्घटना में शामिल ट्रक को पुलिस ने पकड़ लिया है. मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है. फिलहाल इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है.



Source link