Fatehpur News: उत्तर प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं की निगरानी और व्यवस्था सुधारने के दावे तो खूब किए जाते हैं, लेकिन फतेहपुर के खागा से सामने आया यह मामला इन दावों की हकीकत पर सवाल खड़े करता है. यहां खागा डायग्नोस्टिक सेंटर में अल्ट्रासाउंड रिपोर्ट पर ऐसे डॉक्टर के हस्ताक्षर मिलने का आरोप है, जिनकी मृत्यु कोरोना महामारी के दौरान ही हो चुकी है. सवाल यह है कि जब डॉक्टर इस दुनिया में ही नहीं रहे तो उनकी निगरानी में अल्ट्रासाउंड रिपोर्ट कैसे जारी होती रहीं? मामला सामने आने के बाद डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने जांच के आदेश दिए हैं. वहीं स्वास्थ्य विभाग ने सेंटर को सील कर दिया है.
कोविड में डॉक्टर की मौत, फिर रिपोर्ट पर किसके हो रहे थे हस्ताक्षर?
खागा डायग्नोस्टिक सेंटर को लेकर सामने आए इस मामले ने स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. सीएमओ डॉक्टर यूबी सिंह के नाक के नीचे संचालित हो रहे बिना मानक के इस सेंटर ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं..अल्ट्रासाउंड रिपोर्ट पर जिस सोनोलॉजिस्ट के लगातार हस्ताक्षर दर्ज हो रहे थे उनकी कोविड काल के दौरान मृत्यु हो चुकी है.
बताया जा रहा है कि बीते 22 नवंबर को पारुल नाम की एक मरीज का इसी सेंटर में अल्ट्रासाउंड किया गया था. जांच के बाद जारी रिपोर्ट पर भी पर उसी मृत डॉक्टर के हस्ताक्षर मिले. इसके बाद मामले ने तूल पकड़ लिया.
बृजेश पाठक ने लिया संज्ञान, एक सप्ताह में मांगी रिपोर्ट
मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक ने हस्तक्षेप किया है. उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के महानिदेशक को पत्र लिखकर पूरे प्रकरण की जांच कराने के निर्देश दिए हैं.
डिप्टी सीएम ने अपर निदेशक स्तर के अधिकारी से मामले की जांच कराकर एक सप्ताह के भीतर तथ्यात्मक रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा है. जांच में पीसीपीएनडीटी अधिनियम के उल्लंघन, सेंटर के पंजीकरण, संचालन और अल्ट्रासाउंड रिपोर्ट जारी करने की प्रक्रिया की पड़ताल की जाएगी.
इसके साथ ही फतेहपुर के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. यूबी सिंह की भूमिका और कार्यशैली को लेकर उठे सवालों की भी जांच के निर्देश दिए गए हैं. विभागीय अधिकारियों की निगरानी और सेंटर को लेकर पहले हुई शिकायतों पर क्या कार्रवाई की गई, इसकी भी पड़ताल होगी.
12 नवंबर को सीएमओ कार्यालय ने जारी किया था नोटिस
हैरानी की बात यह है कि खागा डायग्नोस्टिक सेंटर को लेकर शिकायतें पहले भी सामने आ चुकी थीं. बताया जा रहा है कि 12 नवंबर को सीएमओ कार्यालय की ओर से सेंटर को नोटिस जारी किया गया था.
निरीक्षण के दौरान सेंटर पर अनुबंधित चिकित्सक डॉ. मनोज कुमार अनुपस्थित मिले थे. इसके अलावा तकनीकी सहायक से अल्ट्रासाउंड जांच कराए जाने का आरोप भी सामने आया था. सेंटर में पार्किंग की व्यवस्था नहीं होने सहित अन्य कमियां भी निरीक्षण में दर्ज की गई थीं.
इन खामियों के आधार पर सेंटर संचालक सरवर रजी खान को 13 नवंबर को मूल अभिलेखों के साथ कार्यालय में उपस्थित होने के निर्देश दिए गए थे. उन्हें अनुबंधित चिकित्सक को भी साथ लाने के लिए कहा गया था.
लेकिन संचालक न तो निर्धारित अभिलेखों के साथ उपस्थित हुआ और न ही अनुबंधित डॉक्टर के साथ पहुंचा. इसके बावजूद सेंटर का संचालन किस तरह जारी रहा, यह भी जांच का महत्वपूर्ण विषय बन गया है.
शिकायतों के बाद भी चलता रहा सेंटर, अब सील
लगातार शिकायतों और निरीक्षण में सामने आई कमियों के बाद भी सेंटर के संचालन को लेकर सवाल उठ रहे हैं. 22 नवंबर को पारुल नाम की मरीज के अल्ट्रासाउंड जांच और रिपोर्ट पर मृत डॉक्टर के हस्ताक्षर का मामला सामने आने के बाद प्रकरण ने तूल पकड़ लिया.
मामला प्रदेश के डिप्टी सीएम तक पहुंचा तो स्वास्थ्य विभाग में हलचल तेज हो गई. इसके बाद 24 नवंबर को स्वास्थ्य विभाग की टीम खागा डायग्नोस्टिक सेंटर पहुंची और जांच के बाद सेंटर को सील कर दिया गया.
प्रकरण को लेकर अधिकारियों ने क्या बताया?
डिप्टी सीएमओ डॉ. पीके सिंह ने युगान्तर प्रवाह से बातचीत में बताया कि सेंटर को लेकर आईजीआरएस के माध्यम से शिकायत प्राप्त हुई थी. इसके बाद जांच के आदेश दिए गए थे. उन्होंने बताया कि मामले में कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है और सेंटर को सील कर दिया गया है.
वहीं खागा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी डॉ. रमेश यादव ने बताया कि खागा डायग्नोस्टिक सेंटर के संचालक को पहले नोटिस जारी किया गया था, लेकिन वह उसका संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए. इसके बाद उन्हें कार्रवाई के लिए पत्र मिला था.
डॉ. रमेश यादव के मुताबिक, 24 नवंबर को वह टीम के साथ सेंटर पहुंचे और वहां की कमियों का निरीक्षण किया. इसके बाद खागा डायग्नोस्टिक सेंटर को सील कर दिया गया.
बिना मानक के संचालित हो रहे हैं जिले के कई सेंटर
जिले के कई निजी अस्पताल और स्वास्थ्य सेंटर स्वास्थ्य विभाग की मेहरबानी से संचालित हो रहे हैं.. जहां ना तो डॉक्टर हैं ना ही मानक, केवल कागजों में मानक पूरे हैं.. यहां लगातार मरीजों की जिंदगी से खिलवाड़ किया जाता है.. घटना होने पर नोटिस की खाना पूर्ति की जाती है..अब देखना होगा कि डिप्टी सीएम के आदेश के बाद स्वास्थ्य विभाग में इसका कितना असर होता है.
