पीलीभीत के जहानाबाद क्षेत्र के गांव गौनेरी में रविवार रात हुए दर्दनाक हादसे में निजी बस चालक और उसके पुत्र की करंट लगने से मौत हो गई। बरातियों को छोड़ने के बाद बस बैक करते समय बस पर ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर गिर गया। इससे बस में करंट फैल गया। उसमें सवार पिता-पुत्र की मौत हो गई। बस के अगले हिस्से में आग लगने से दोनों टायर भी जल गए। हादसे के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई और परिजनों में कोहराम मच गया।
शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला फारूक निवासी सज्जन खां (56 वर्ष) निजी बस के मालिक होने के साथ स्वयं चालक का कार्य भी करते थे। उनकी ससुराल जहानाबाद क्षेत्र के गांव गौनेरी में है। रविवार को वह गौनेरी गांव से एक बरात लेकर बरेली गए थे। देर रात बरात वापस गांव पहुंची। बताया जाता है कि बरातियों को उतारने के बाद सज्जन खां बस को बैक कर रहे थे। इस दौरान उनका 16 वर्षीय पुत्र फारूक भी बस में सवार था।
हादसे के बाद मौके पर मची चीख-पुकार
ग्रामीणों के अनुसार बैक करते समय बस पर अचानक ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर गिर गया। तार गिरते ही बस में तेज करंट दौड़ गया और अगले हिस्से में आग लग गई। करंट की चपेट में आने से चालक सज्जन खां और उनके पुत्र फारूक की मौके पर ही मौत हो गई। आग की वजह से बस के अगले दोनों टायर भी जल गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।