तिलक हाल के बाहर भाजपा कार्यकर्ताओं पर नारेबाजी करने और कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी के खिलाफ प्रदर्शन करने का आरोप लगाते हुए कांग्रेसियों ने रविवार को विरोध प्रदर्शन किया। महानगर कांग्रेस अध्यक्ष पवन गुप्ता के नेतृत्व में कार्यकर्ता लाठी लेकर तिलक हाल पहुंच गए। हालांकि, तब तक प्रदर्शन करने वाले लोग वहां से जा चुके थे। कांग्रेसियों ने मौके पर काफी देर तक इंतजार किया और नारेबाजी की। इसके बाद कार्यकर्ता कोतवाली पहुंचे पुलिस को लिखित शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने की मांग की।
पवन गुप्ता ने बताया कि तिलक हाल कानपुर की ऐतिहासिक विरासत है। इसके बाहर चोरी-छिपे नारेबाजी कर माहौल खराब करने का प्रयास बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कहा कि लोकतांत्रिक तरीके से विरोध करना है तो सामने आकर करें, इस तरह नारेबाजी कर भाग जाना कायरता है। उन्होंने चेतावनी दी कि पुलिस ने तत्काल प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई नहीं की तो कांग्रेसी कार्यकर्ता कोतवाली में प्रदर्शन करेंगे। साथ ही भाजपा सरकार की जिम्मेदारी तय करते हुए प्रधानमंत्री के खिलाफ भी विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। प्रदर्शन में हरप्रकाश अग्निहोत्री, राकेश साहू, रामशंकर राय, इकबाल अहमद, संतोष पाठक, त्रिलोकी त्रिवेदी, विनय पांडेय, अमित मिश्रा, रामजी दुबे व संजय दीक्षित शमिल रहे।
