Ghaziabad News: पति की मौत के बाद मिलते 2 करोड़ रुपए, इंश्योरेंस के लालच में पत्नी देती रही धीमा जहर; खुद थी नॉमिनी

पुलिस ने आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया.

Ghaziabad News: गाजियाबाद के इंदिरापुरम में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. यहां एक पत्नी पर अपने ही पति को धीमा जहर देकर मारने की कोशिश करने का आरोप लगा है. आरोप है कि महिला ने दो करोड़ रुपए के इंश्योरेंस की रकम हासिल करने के लालच में इस साजिश को अंजाम दिया. इतना ही नहीं, पति के साथ उनके बेटे और भांजे को भी जहर देने का आरोप है. पुलिस ने मामले में फरार चल रही आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी की पहचान 42 वर्षीय रेनू भटनागर के रूप में हुई है.

तबीयत बिगड़ने पर हुआ धीमा जहर देने का शक

पुलिस के मुताबिक, 24 सितंबर को वसुंधरा निवासी सुशील कुमार भटनागर ने इंदिरापुरम थाने में शिकायत दर्ज कराई थी. उन्होंने अपनी पत्नी रेनू भटनागर और उसके परिवार के अन्य सदस्यों पर उन्हें, उनके बेटे और भांजे को जान से मारने की नीयत से धीमा जहर देने का आरोप लगाया था.

ये भी पढ़ें- लिव-इन में रहने से पहले 9 शर्तों वाला एग्रीमेंट! बच्चे का हक, खर्च और प्रॉपर्टी तक सबकुछ तय; Insta पर हुआ था प्यार

सुशील कुमार ने पुलिस को बताया कि पिछले कुछ समय से उनकी तबीयत लगातार खराब चल रही थी. जब उन्होंने डॉक्टरों से इलाज कराया और जांच कराई तो शरीर में लीड पॉइजनिंग यानी सीसे के जहर की पुष्टि हुई. इसके बाद उन्हें शक हुआ कि किसी ने जानबूझकर उन्हें जहर दिया है. उनका कहना था कि इस तरह की पॉइजनिंग सामान्य तौर पर अपने आप नहीं होती.

पति के नाम था 2 करोड़ का इंश्योरेंस

शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी की पत्नी गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की थी. लगातार तलाश के बाद पुलिस ने 23 नवंबर को रेनू भटनागर को गिरफ्तार कर लिया. वह दिल्ली की झिलमिल कॉलोनी की रहने वाली है. पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी महिला ने बताया कि उसके पति की करीब 5 से 6 करोड़ रुपए की ट्रैवल एजेंसी है. इसके अलावा पति के नाम पर दो करोड़ रुपए का लाइफ इंश्योरेंस भी है. इस पॉलिसी में रेनू खुद नॉमिनी थी.

लालच में पति को रास्ते से हटाने की साजिश

पुलिस का दावा है कि पूछताछ में रेनू ने बताया कि उसे लगता था कि पति की मौत के बाद इंश्योरेंस की रकम और बाकी संपत्ति उसकी हो जाएगी. इसी लालच में उसने पति को धीमा जहर देने की योजना बनाई. आरोप है कि इस साजिश में उसने पति के बेटे और भांजे को भी निशाना बनाया. फिलहाल पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है. साथ ही उसके परिवार के अन्य सदस्यों की भूमिका और आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है.

पुनीत कुमार शर्मा

पुनीत कुमार शर्मा

स्पेशल कॉरेसपॉंडेंट ( क्राइम ) और लेखक। 11 साल से बदस्तूर जारी पत्रकारिता की शुरुआत 2010 में आजतक से बतौर क्राइम रिपोर्टर। 2015 से दिल्ली आजतक में  एंकर की ज़िम्मेदारी भी निभाई। 11 साल लगातार आजतक में रिपोर्टिंग करने के बाद फिलहाल स्पेशल कॉरेसपॉंडेंट के तौर पर टी वी9 भारतवर्ष में सफ़र जारी। इसके अलावा ” अनचाही रिपोर्टिंग, अनचाहा ” सफ़र नाम की किताब लिखी.

Read More



Source link