Last Updated:

Ghazipur News: गाजीपुर के राम घाट और कलेक्टर घाट पर देव दीपावली की तैयारियां शुरू हो गई हैं. रंगोली प्रतियोगिता और दीपोत्सव की तैयारी के बीच स्थानीय लोग घाटों की सफाई को लेकर चिंता जता रहे हैं. लोगों ने आयोजन के साथ नदी और आसपास के हिस्सों की सफाई पर भी ध्यान देने की मांग की है.

गाजीपुर: गाजीपुर में देव दीपावली को लेकर घाटों पर तैयारियां शुरू हो गई हैं. राम घाट और कलेक्टर घाट पर दीपोत्सव की तैयारी के बीच स्थानीय लोगों ने साफ-सफाई को लेकर अपनी चिंता जाहिर की है. लोगों का कहना है कि घाटों पर दीप जलाने की व्यवस्था तो होती है, लेकिन नदी और आसपास के हिस्सों में सफाई पर भी विशेष ध्यान देने की जरूरत है.

देव दीपावली पर गाजीपुर के प्रमुख घाटों पर बड़ी संख्या में दीप जलाए जाते हैं. राम घाट पर दीपों की संख्या अधिक रहती है, वहीं कलेक्टर घाट पर भी आयोजन की तैयारियां की जा रही हैं. स्थानीय लोगों के मुताबिक, घाटों की सफाई और सजावट का काम आयोजन से पहले शुरू किया जाता है.

रंगोली प्रतियोगिता की भी तैयारी
स्थानीय युवक अमन वर्मा ने बताया कि घाटों पर रंगोली का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा. इसमें प्रतिभागी हिस्सा लेंगे और बेहतर रंगोली बनाने वालों को पुरस्कार भी दिया जाएगा. उन्होंने बताया कि घाटों की सीढ़ियों पर रंगोली सजाने और सफाई का काम भी किया जाता है. अमन का कहना है कि स्थानीय लोग घाटों की सफाई में सहयोग करते हैं, लेकिन नगर पालिका की ओर से भी नदी और घाट के आसपास सफाई की व्यवस्था होनी चाहिए. देव दीपावली बड़ा उत्सव है, ऐसे में केवल पक्के घाट ही नहीं, बल्कि आसपास के हिस्सों को भी साफ किया जाना चाहिए.

सफाई को लेकर स्थानीय लोगों की चिंता
राम घाट पर कपड़े धो रही एक बुजुर्ग महिला ने बताया कि यहां दीप जलाने की परंपरा है और लोग हर साल दीपोत्सव में शामिल होते हैं. उनके मुताबिक, दीप जलाने की व्यवस्था हो जाती है, लेकिन घाट पर साफ-सफाई भी जरूरी है. वहीं घाट पर मौजूद मछुआरों ने कहा कि तैयारियां कुछ समय पहले शुरू हो जानी चाहिए थीं. उन्होंने घाट और नदी के आसपास कूड़ा-कचरा हटाने की जरूरत बताई. एक स्थानीय युवक ने कहा कि वह पिछले आठ-दस वर्षों से घाट पर देव दीपावली देखने आ रहे हैं. उसके मुताबिक, हर साल तैयारियां लगभग एक जैसी रहती हैं और व्यवस्था में खास बदलाव नजर नहीं आता.

आयोजन के साथ सफाई की भी उम्मीद
स्थानीय लोगों का कहना है कि देव दीपावली पर दीप जलाने के साथ घाटों और नदी के आसपास सफाई की व्यवस्था भी बेहतर होनी चाहिए. दीप नदी में प्रवाहित किए जाते हैं, ऐसे में लोगों ने नदी किनारे कचरा हटाने और सफाई पर ध्यान देने की मांग की है. अब देव दीपावली से पहले घाटों की सफाई और आयोजन की तैयारियों को लेकर लोगों की नजर प्रशासन और नगर पालिका की व्यवस्था पर है.

About the Author

authorimg

आर्यन सेठ

आर्यन सेठ, News18 Hindi में डिजिटल डेस्क पर जुड़े हैं और जनवरी 2026 से उत्तर प्रदेश की राजनीति, अपराध, प्रशासन, वायरल और अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर खबरें लिखते हैं. जामिया मिलिया इस्लामिया दिल्ली से साल 2024 में…

और पढ़ें



Source link