जौनपुर। अपर सत्र न्यायाधीश द्वितीय पशुपति नाथ मिश्रा की अदालत ने सरपतहा थाना क्षेत्र के शेषपुर गांव में गड्ढा खोदने के विवाद को लेकर रानू कश्यप की गैर इरादतन हत्या करने के दोषी रमेश विश्वकर्मा को 10 साल की कैद की सजा सुनाने के साथ ही 10 हजार रुपये का अर्थदंड लगाया है। जुर्माना अदा न करने पर एक वर्ष अतिरिक्त कारावास भुगतना होगा।

बता दें कि घटना की प्राथमिकी मृतक के भाई सुरेश ने सरपतहा थाने में दर्ज कराया था। वादी के अनुसार 25 फरवरी 2021 को पड़ोसी रमेश विश्वकर्मा वादी सुरेश के दरवाजे के सामने अपने मड़हे के नीचे उसकी तरफ बढ़ाकर गड्ढा खोद रहे थे। घर पर मौजूद वादी के भाई रानू कश्यप ने मना किया, लेकिन रमेश नहीं माना और विवाद करने लगा।

रानू के दोबारा मना करने पर रमेश ने अपने हाथ में लिए लोहे के डंडे से रानू के सिर में अचानक मार दिया, जिससे रानू गड्ढे में गिरकर बेहोश हो गया। उसे इलाज के लिए सरकारी अस्पताल सुईथाकला ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने रानू को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने विवेचना कर केस डायरी न्यायालय में प्रस्तुत किया। सरकारी वकील ने कोर्ट में गवाहों को परीक्षित कराया। कोर्ट ने दोनों पक्षों की बहस सुनने के बाद पत्रावली में उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर रमेश को दोषी पाते हुए सजा सुनाया।



Source link