धरम्मरपुर-जमानियां गंगा पक्का पुल पर भारी वाहनों का आवागमन रोकने के लिए लगाई गई सुरक्षा व्यवस्था महज औपचारिकता बनकर रह गई है। लोहे का हाइट गेज बैरियर हटाकर उसकी जगह लकड़ी का बैरियर लगा दिया गया है। हैरानी की बात यह है कि लकड़ी का बैरियर भी भारी वाहनों को रोकने में नाकाम साबित हो रहा है। सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में दो युवक लकड़ी के बैरियर को उठाकर पाइप लदे ट्रेलर को पुल से पार कराते दिखाई दे रहे हैं। हालांकि वायरल वीडियो की पुष्टि संवाद न्यूज एजेंसी नहीं करती है।
वीडियो सामने आने के बाद पुल पर भारी वाहनों के आवागमन को रोकने की व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि पहले लोहे का हाइट गेज बैरियर लगाया गया था, जिससे भारी वाहनों का प्रवेश रुक गया था। अब उसे हटाकर लकड़ी का बैरियर लगा दिया गया है, जिसे आसानी से उठाकर वाहन पार कराए जा रहे हैं। ऐसे में बैरियर लगाने का औचित्य ही सवालों के घेरे में है। पुल से भारी वाहनों और लाल बालू लदे ओवरलोड ट्रेलरों के आवागमन से पहले भी कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। हादसों में लोग घायल होने के साथ जान भी गंवा चुके हैं। इसके बावजूद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बरती जा रही लापरवाही लोगों की चिंता बढ़ा रही है। क्षेत्रीय लोगों ने प्रशासन और लोक निर्माण विभाग से मजबूत लोहे की हाईट गेज बैरियर लगवाने तथा भारी और ओवरलोड वाहनों का आवागमन तत्काल रोकने की मांग की है। वहीं लोक निर्माण विभाग के अवर अभियंता संदीप कुमार ने बताया कि सड़क निर्माण का कार्य चल रहा है। इसलिए एक्सईएन द्वारा डीएम से बात करके लकड़ी का हाईट गेज बैरियर लगाया गया है। चूंकि निर्माण प्लांट की सामग्री जाने के लिए लकड़ी के बैरियर को खोल दिया जा सके, वायरल वीडियो की जानकारी नहीं है, अगर ऐसा है तो ठीक नहीं है। सड़क निर्माण कार्य बंद हो जाने के बाद पक्का पुल के एप्रोच मार्ग पर लोहे की हाईट गेज बैरियर लगा दिया जाएगा।
