गाजीपुर. यूपी के गाजीपुर की तहरी के बारे में आपने भी सुना होगा, लेकिन क्या आपने कभी ऐसी तहरी का स्वाद चखा है, जिसे बनाने में देसी घी, ताजी सब्जियों और खास किस्म के चावल का इस्तेमाल होता है. इसे बिना लहसुन-प्याज के तैयार किया जाता है. स्वाद ऐसा कि भंडारे में प्रसाद के रूप में परोसी जाती है तो लोग दोबारा लेने पहुंच जाते हैं. गाजीपुर के प्रद्युम्न और अखिलेश पिछले करीब 10 साल से तहरी बना रहे हैं. दोनों का दावा है कि उनकी तहरी का स्वाद और बनाने का तरीका इसे आम तहरी से अलग बनाता है. इसके लिए इस्तेमाल होने वाला खास चावल वे लखनऊ से मंगवाते हैं. इसके अलावा देसी घी, हरी मटर, फूलगोभी, बीन्स, गाजर, शिमला मिर्च, आलू और दूसरे मसालों का इस्तेमाल किया जाता है. स्वाद और खुशबू बढ़ाने के लिए इसमें कसूरी मेथी भी डाली जाती है.
5 हजार लोगों के लिए पकाते हैं
प्रद्युम्न और अखिलेश बताते हैं कि वे अक्सर धार्मिक आयोजनों और भंडारों में तहरी बनाने की जिम्मेदारी संभालते हैं. बड़े आयोजनों में करीब 15 से 20 बड़े भगोनों में तहरी तैयार की जाती है. उनके मुताबिक, एक बार में लगभग 100 किलो तक तहरी बन जाती है और करीब 5 हजार लोगों के लिए खाना तैयार करने का अनुभव भी उनके पास है. वे बताते हैं कि भंडारों में इस तहरी की मांग इतनी रहती है कि कई बार शाम तक इसे बनाना पड़ता है. प्रसाद के रूप में परोसी जाने वाली तहरी लोगों को पसंद आती है और कई मौकों पर तैयार खाना भी कम पड़ जाता है.
वेज बिरयानी से कितना अलग
प्रद्युम्न और अखिलेश के मुताबिक, तहरी और वेज बिरयानी में सबसे बड़ा अंतर इनके स्वाद और बनावट का है. उनके अनुसार, तहरी अपेक्षाकृत थोड़ी नरम और ढीली होती है, जबकि वेज बिरयानी के चावल ज्यादा खिले हुए और सूखे होते हैं. उनकी तहरी में फूलगोभी, बीन्स, गाजर, शिमला मिर्च, आलू, सोयाबीन और मटर जैसी कई चीजें मिलाई जाती हैं. इसमें सूखी मटर का भी इस्तेमाल होता है, जिसे आमतौर पर मटर-पनीर जैसी सब्जियों में इस्तेमाल किया जाता है. देसी घी और कसूरी मेथी इसकी खुशबू और स्वाद को खास बनाते हैं.
विज्ञापन
घर पर ऐसे बनाएं
प्रद्युम्न और अखिलेश बताते हैं कि इस तरह की तहरी घर पर भी आसानी से बनाई जा सकती है. चार से पांच लोगों के लिए फूलगोभी, बीन्स, गाजर, शिमला मिर्च, आलू और मटर जैसी सब्जियां ली जा सकती हैं. चाहें तो इसमें पनीर भी मिला सकते हैं. इसके बाद अच्छी गुणवत्ता वाले चावल, देसी घी और मसालों के साथ इसे तैयार किया जा सकता है. बिना लहसुन-प्याज के बनने वाली यह तहरी स्वाद और खुशबू का ऐसा मेल है, जो दोनों कारीगरों के लिए सिर्फ एक रेसिपी नहीं, बल्कि पिछले दस साल में धीरे-धीरे आया अनुभव है.
