गाजीपुर। मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से छूट गए लोगों के लिए इस शनिवार और रविवार को विशेष मौका मिलेगा। निर्वाचन आयोग के निर्देश पर 28 और 29 नवंबर को जिले के सभी मतदेय स्थलों पर विशेष अभियान चलेगा।

इस दौरान सुबह 10 से शाम चार बजे तक बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) मौजूद रहेंगे। नागरिक मतदाता सूची में अपना नाम और अन्य विवरण जांचने के साथ नए पंजीकरण और संशोधन के लिए आवेदन भी कर सकेंगे।

जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने बताया कि विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के तहत 17 नवंबर से 16 दिसंबर तक दावे और आपत्तियां प्राप्त की जा रही हैं। इसी क्रम में अधिक से अधिक पात्र नागरिकों को मतदाता सूची से जोड़ने और पहले से दर्ज प्रविष्टियों में सुधार का अवसर देने के लिए 28 और 29 नवंबर को विशेष अभियान चलाया जाएगा।

उन्होंने बताया कि सभी बूथों पर बीएलओ के पास 17 नवंबर को प्रकाशित आलेख्य मतदाता सूची उपलब्ध रहेगी। इसके अलावा फॉर्म-6, फॉर्म-7 और फॉर्म-8 भी पर्याप्त संख्या में रखे जाएंगे। नए मतदाता के रूप में नाम दर्ज कराने के लिए फॉर्म-6, किसी अपात्र या मृतक मतदाता का नाम हटाने के लिए फॉर्म-7 और नाम, पता या अन्य विवरणों में संशोधन तथा निवास परिवर्तन के लिए फॉर्म-8 भरा जा सकेगा।

जिलाधिकारी ने बताया कि विशेष अभियान में मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से छूटे पात्र नागरिकों, खासकर युवाओं और महिलाओं के पंजीकरण पर विशेष जोर रहेगा।



Source link