गोंडा। जिला उपभोक्ता फोरम परिसर में चोरों ने धावा बोलकर एसी के पुर्जे, कंप्यूटर उपकरण, यूपीएस, इन्वर्टर और पीतल की टोटियां चुरा लीं। विरोध पर चौकीदार की आंखों में मिर्च पाउडर झोंककर भाग गए। घटना 13 नवंबर की रात 2:47 बजे की है।


कनिष्ठ सहायक रमाकांत पाल ने नगर कोतवाली में तहरीर दी है। इसमें बताया कि चौकीदार अब्दुल कादिर ने परिसर में आहट पाकर मंदिर के पास चार-पांच लोगों को देखा। दो चोरों ने उन्हें पीछे से गिराकर आंखों में मिर्च पाउडर झोंक दिया। शोर सुनकर अन्य गार्ड पहुंचे, तब तक चोर भाग चुके थे।

चोर कोर्ट रूम के एसी की आउटडोर यूनिट, कंप्यूटर कक्ष के एसी के पुर्जे, बिजली व ब्रॉडबैंड के तार, यूपीएस, इन्वर्टर और बाथरूम की पीतल की टोटियां चुरा ले गए। अध्यक्ष न्यायालय कक्ष के एसी के पाइप और तार भी काट ले गए। कोतवाल विंदेश्वरी मणि त्रिपाठी ने बताया कि मामले में अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज है। मामले की जांच कराई जा रही है। (संवाद)



Source link