अमरोहा। जिले के पारंपरिक स्वाद ने अब दिल्ली के भारत मंडपम तक अपनी पहचान बना ली है। नई दिल्ली में आयोजित 45वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में जोया के उद्यमी फैसल पाशा की भुजिया सेव ग्राहकों को खूब पसंद किया जा रहा है। शुरुआती चार दिनों में उनके स्टॉल से 1579 पैकेट की बिक्री हुई। रविवार को एक ही दिन में रिकॉर्ड 499 पैकेट बिके और 44700 रुपये का कारोबार हुआ। योगी सरकार की एक जिला-एक व्यंजन (ओडीओसी) योजना से मिली आर्थिक मदद ने इस स्थानीय उद्यमी को राष्ट्रीय मंच तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई है।

उद्योग उपायुक्त अनूप कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि फैसल पाशा ने भारत मंडपम के यूपी पवेलियन में हॉल नंबर दो के स्टॉल नंबर 27 पर अपने उत्पादों की प्रदर्शनी लगाई है। स्टॉल के लिए कुल 1.77 लाख रुपये शुल्क निर्धारित था। इसमें सरकार की ओर से 75 प्रतिशत यानी 132750 रुपये की सब्सिडी मिली। फैसल को केवल 44250 रुपये जमा करने पड़े। मेले में रोजाना औसतन 30 से 35 हजार रुपये की बिक्री हो रही है। प्रदेश के मुख्य सचिव शशि प्रकाश गोयल ने भी स्टॉल पर पहुंचकर भुजिया सेव की सराहना की और उद्यमी का उत्साह बढ़ाया।

—————–

मिलेट्स के नए फ्लेवर बने पसंद

इस बार फैसल पाशा भुजिया सेव के ज्वार पुदीना, चटपटा बाजरा, पैरी-पैरी सोया और चीज रागी जैसे चार नए फ्लेवर लेकर पहुंचे हैं। इनमें ज्वार, बाजरा और रागी की मांग अधिक है। इसके अलावा अजवाइन, मिंट-चिली, हींग-जीरा और काली मिर्च के पारंपरिक फ्लेवर भी ग्राहकों को पसंद आ रहे हैं। उत्पादों को पाम ऑयल के बजाय मूंगफली के तेल में तैयार किया जाता है। हाफ फ्राई और हाफ बेक्ड तकनीक से अतिरिक्त तेल निकालने की प्रक्रिया भी अपनाई जाती है।

——————-

दिल्ली के मॉल और फ्रेंचाइजी से कारोबार की उम्मीद

मेले में नमकीन की बिक्री के साथ फैसल के कारोबार को विस्तार देने के अवसर भी मिल रहे हैं। इंदिरापुरम के एक मॉल प्रबंधन ने बिक्री में हिस्सेदारी के आधार पर मुफ्त जगह देने का प्रस्ताव दिया है। दिल्ली के दो-तीन अन्य मॉल के साथ उत्पादों की व्हाइट लेबलिंग को लेकर बातचीत चल रही है। इसके अलावा फ्रेंचाइजी और थोक कारोबार के लिए भी कई व्यापारियों ने संपर्क किया है।

————————

1975 में छह रुपये किलो से शुरू हुआ था कारोबार

फैसल पाशा का पुश्तैनी कारोबार वर्ष 1975 में उनके दादा ने शुरू किया था। उस समय भुजिया सेव छह रुपये किलो बिकती थी। अब तीसरी पीढ़ी के रूप में फैसल इस कारोबार को आगे बढ़ा रहे हैं। उनकी इकाई में रोजाना करीब एक टन भुजिया सेव तैयार होती है। यहां 22 स्थानीय महिलाओं समेत 20 से 25 अन्य कामगारों को रोजगार मिला हुआ है। अनुभवी कारीगर भी उत्पादन में सहयोग करते हैं। वर्ष 2024 में वह ओडीओसी योजना से जुड़े थे। बेसन-बूंदी और ड्राई फ्रूट्स के लड्डू भी उनके प्रमुख उत्पादों में शामिल हैं।

———————–

मंडल के पारंपरिक उत्पादों को मिला मंच

व्यापार मेले में अमरोहा के अलावा मुरादाबाद की मुरादाबादी दाल, रामपुर का हब्शी हलवा, बिजनौर की सोनपापड़ी और संभल के पारंपरिक उत्पाद भी प्रदर्शित किए जा रहे हैं। उपायुक्त उद्योग अनूप कुमार श्रीवास्तव के मुताबिक, ओडीओसी योजना के माध्यम से जिले के पारंपरिक खाद्य उत्पादों को बेहतर पैकेजिंग, ब्रांडिंग और बड़े बाजार से जोड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं।

———————

ओडीओसी योजना से हमें बड़ा प्रोत्साहन मिला है। सरकार की 75 प्रतिशत सब्सिडी और अधिकारियों के सहयोग से अमरोहा के पारंपरिक उत्पादों को देशभर के ग्राहकों तक पहुंचाने का मौका मिला है। मिलेट्स के नए फ्लेवर और कम तेल वाले उत्पादों को दिल्ली के ग्राहकों से अच्छी प्रतिक्रिया मिल रही है। मॉल संचालकों और फ्रेंचाइजी कारोबारियों से भी प्रस्ताव मिल रहे हैं।

– फैसल पाशा, उद्यमी जोया



Source link

अभी अभी की खबरें