बिजनौर। गंगा एक्सप्रेसवे के लिए जिले में जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया के बीच किसानों की सूची में कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं। जिले के 20 गांवों में जमीन रखने वाले किसानों के पते बिजनौर के बजाय दूसरे जिलों और राज्यों के दर्ज हैं। इनमें गाजियाबाद, मेरठ, मुजफ्फरनगर, अमरोहा, दिल्ली-एनसीआर के अलावा उत्तराखंड, पंजाब और महाराष्ट्र तक के पते शामिल हैं। उधर प्रशासन इस जमीन खरीद की तारीखों की जांच कराने की बात कह रहा है।
जिले में गंगा एक्सप्रेसवे का लिंक मार्ग निकल रहा है। जिले में चांदपुर, बिजनौर और नजीबाबाद तहसील के 107 गांवों की जमीन इस मार्ग में जाएगी। जिले में लिंक मार्ग की लंबाई करीब 147 किलोमीटर है। इसी सप्ताह जिले में जमीन के बैनामे भी शुरू हो चुके हैं। वहीं ऐसे में जो किसानों की सूची तैयार की गई है, उनमें दूसरे राज्यों, जिलों के किसानों के नाम पते होने से सवाल भी खड़े हो रहे हैं कि आखिर यह जमीन खरीद कब गई।
किसानों की सूची के अनुसार, तातपरपुर गांव में गाजियाबाद, पहाड़पुर चंद्रसैन और वाजीदपुर में मेरठ, चौकपुरी में महाराष्ट्र तथा मोहनपुर दारानगर में गाजियाबाद और देहरादून के पते वाले किसान हैं। इफ्तखारपुर दरगो, मौढिया, जोगी औंधा और हसन महमूद में गाजियाबाद के किसानों के पते दर्ज हैं। खुड़ाहेड़ी और मदामहदूद में हरिद्वार, चंदौक और रुस्तमपुर में उत्तराखंड, जबकि वीरपुर में पंजाब और जसपुर के पते शामिल हैं। इसी तरह हिलालपुर में नोएडा और दक्षिणी दिल्ली, आलमपुर धामी में मुजफ्फरनगर, टूंगरी में मेरठ और मुंबई, उमरीपीर में अमरोहा, पीतन औंधा में दिल्ली और फतहपुर में नोएडा के पते वाले किसान दर्ज हैं।
यह सवाल, जिसके जवाब मिलना शेष
इन गांवों से गंगा एक्सप्रेसवे का एलाइनमेंट गुजरने के बीच दूसरे जिलों और राज्यों के किसानों के नाम सामने आने से कई सवाल उठ रहे हैं। आखिर इन किसानों की बिजनौर में जमीन कब से है। क्या इनकी जमीन पहले से कृषि कार्य में इस्तेमाल हो रही थी या बाद में खरीदी गई। एक्सप्रेसवे का एलाइनमेंट तय होने की प्रक्रिया शुरू होने के बीच इन किसानों की जमीन की स्थिति क्या रही। इन सवालों का जवाब राजस्व रिकॉर्ड और जमीन से जुड़े दस्तावेजों की पड़ताल से ही मिल सकेगा।
—-
वर्जन
गंगा एक्सप्रेसवे के लिंक मार्ग के लिए जो एलाइनमेंट तय हुआ, उससे पहले यदि जमीन खरीदी गई है तो यह कोई गलत नहीं होगा। लेकिन यदि इसके बाद जमीन खरीदी गई है तो इसकी जांच कराई जाएगी। जमीन के क्रय और विक्रय पर रोक कब लगी, बाहर के किसानों पर जमीन कब से है, इसकी जांच कराकर ही आगे कुछ बताया जा सकता है।
-जोगिंदर सिंह, डीएम बिजनौर
