गोरखपुर। जिले के करीब 2200 परिषदीय विद्यालयों में निपुणता का आकलन कराया जाएगा। इसके लिए तैयारियां तेज कर दी गई हैं। अभियान को सुचारु रूप से संचालित करने के लिए 300 प्रशिक्षकों की तैनाती की जाएगी। इससे पहले उन्हें निपुण प्लस ऐप के इस्तेमाल, आकलन की प्रक्रिया और तकनीकी पहलुओं का प्रशिक्षण दिया जाएगा, ताकि अभियान के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो।
जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान के प्रशिक्षक आदित्य कुमार पांडेय ने बताया कि प्रशिक्षण के दौरान प्रशिक्षकों को विद्यार्थियों के आकलन का तरीका, डाटा एंट्री, ऐप के सही इस्तेमाल और रिपोर्टिंग की जानकारी दी जाएगी। प्रशिक्षकों को पूरी तरह दक्ष बनाने के बाद ही विद्यालयों में भेजा जाएगा। इसका उद्देश्य आकलन की प्रक्रिया को पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण बनाना है।
