श्रावस्ती। भारत-नेपाल सीमा से सटे ग्रामीण क्षेत्रों में आयोजित चार दिवसीय गुरु गोरखनाथ स्वास्थ्य सेवा यात्रा 7.0 में करीब 2.5 लाख मरीजों को निशुल्क स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिला। मंगलवार को जूनियर हाईस्कूल भिनगा के मैदान में स्वास्थ्य मेले के आयोजन के साथ यात्रा का समापन हुआ।

श्री गुरु गोरखनाथ सेवा न्यास और नेशनल मेडिकोज ऑर्गेनाइजेशन के संयुक्त तत्वावधान में 21 से 24 नवंबर तक जिले के 244 ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य शिविर लगाए गए। भिनगा में आयोजित समापन शिविर का शुभारंभ राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव ने किया। शिविर में मरीजों को विशेषज्ञ चिकित्सकों से निशुल्क परामर्श, स्वास्थ्य परीक्षण और आवश्यक जांच की सुविधा दी गई। हृदय रोग, मधुमेह, उच्च रक्तचाप तथा हड्डी और जोड़ संबंधी बीमारियों का उपचार किया गया।

यात्रा में देश के विभिन्न प्रतिष्ठित चिकित्सा संस्थानों के चिकित्सकों ने सहभागिता की। शिविरों में सेवाएं देने वाले चिकित्सकों और चिकित्सा विद्यार्थियों को प्रमाणपत्र व स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। इस मौके पर जिला पंचायत अध्यक्ष दद्दन मिश्रा, परामर्शदाता जितेंद्र मिश्रा, दिवाकर और डॉ. ध्रुव कुमार त्रिपाठी समेत अन्य लोग मौजूद रहे।



Source link