Gorakhpur News: गोरखपुर, प्रमुख संवाददाता। गोरखनाथ ओवरब्रिज के पास शुक्रवार शाम ट्रेन से गिरकर 35 वर्षीय यात्री का दायां पैर कट गया। वह ट्रेन के गेट के पास बैठकर कर्नाटक जा रहा था। ओवरब्रिज के पास पहुंचते ही संतुलन बिगड़ने से वह नीचे गिर गया और ट्रेन की चपेट में आ गया। हादसे के बाद आसपास के लोगों ने तिवारीपुर पुलिस को सूचना दी। तिवारीपुर और जीआरपी पुलिस ने एंबुलेंस से घायल को जिला अस्पताल पहुंचाया। आरोप है कि सूचना के करीब 40 मिनट बाद एंबुलेंस पहुंची। इस दौरान घायल यात्री ट्रैक किनारे दर्द से तड़पता रहा। घायल की पहचान कुशीनगर जिले के कसया थाना क्षेत्र के साखोपार निवासी फागुन चौहान के रूप में हुई।

फागुन ने बताया कि वह दिवाली पर घर आया था। शुक्रवार शाम करीब 6:30 बजे रेलवे स्टेशन से लोकल डिब्बे में सवार होकर कर्नाटक के लिए निकला था। ट्रेन में जगह नहीं होने के कारण वह गेट के पास बैठा था। गोरखनाथ ओवरब्रिज के नीचे ट्रेन पहुंची तो अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह नीचे गिरकर पहिए की चपेट में आ गया। हादसे में उसका दायां पैर कट गया। उसका बैग भी ट्रेन में ही छूट गया। फागुन ने बताया कि वह कर्नाटक में मेहनत-मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करता है। दिवाली पर घर आया था।ट्रैक किनारे तड़पता रहा घायलस्थानीय लोगों के मुताबिक सूचना देने के बाद एंबुलेंस के बारे में पता किया गया तो बताया गया कि वह एम्स के पास है। शाम करीब 7:15 बजे एंबुलेंस घटनास्थल पर पहुंची। तब तक घायल यात्री खून से लथपथ हालत में ट्रैक किनारे पड़ा दर्द से तड़पता रहा। पुलिस की मदद से उसे एंबुलेंस में लादकर जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।



Source link