मौदहा कोतवाली क्षेत्र के खंडेह गांव निवासी दिव्यांग ने मंगलवार सुबह अपने घर में फंदा लगा जान दे दी। परिजनों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मृतक की पत्नी प्रेमा ने बताया कि सोमवार बीती रात पति ओमनारायण (30) पुत्र बरदानी खाना खाकर घर की छत पर बेटी के साथ सोने चले गए, जब सुबह नींद खुली तो ये नहीं थे।
नीचे आकर देखा तो कमरे में फंदे से शव लटक रहा था। यह देखकर घर में सभी रोने बिलखने लगे। बताया जा रहा है कि वह अपने पीछे पत्नी और छह वर्षीय मासूम को रोता बिलखता छोड़ गया। परिजनों के अनुसार, दिव्यांग लंबे समय से आर्थिक तंगी से जूझ रहा था। परिवार की खराब आर्थिक स्थिति को लेकर वह पिछले कुछ दिनों से काफी परेशान रहता था। कोतवाल चंद्रशेखर का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
