गढ़मुक्तेश्वर। कार्तिक पूर्णिमा गंगा मेले में आस्था के साथ कारोबार का भी अनोखा संगम देखने को मिल रहा है। मेले में लगने वाले पशु बाजार में घोड़ों और खच्चरों की खरीद-फरोख्त के लिए देश के विभिन्न राज्यों से व्यापारी और खरीदार पहुंच रहे हैं। हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश, दिल्ली और बिहार समेत कई प्रदेशों के पशु व्यापारी यहां डेरा डाले हुए हैं। खास बात यह है कि मेले में बिकने वाले घोड़े और खच्चर केवल शौक के लिए नहीं, बल्कि वैष्णो देवी से लेकर केदारनाथ और बदरीनाथ की दुर्गम यात्राओं में भी उपयोग किए जाते हैं।
हरियाणा निवासी पशु व्यापारी वीर सिंह ने बताया कि गढ़ मेले में काले घोड़े की कीमत सबसे अधिक है। पहाड़ी रास्तों पर चलने की क्षमता के कारण इनकी काफी मांग रहती है। एक अच्छे घोड़े के पालन-पोषण पर ही करीब 30 हजार रुपये प्रतिमाह खर्च हो जाते हैं। इसमें चारा, देखभाल और अन्य जरूरतें शामिल हैं। इसी वजह से अच्छी नस्ल और मजबूत कद-काठी वाले घोड़ों की कीमत भी अधिक रहती है। बिहार के बक्सर निवासी व्यापारी दिलशाद ने बताया कि उनके यहां से घोड़े और खच्चर वैष्णो देवी यात्रा के लिए जाते हैं। इसके अलावा केदारनाथ और बदरीनाथ जैसे दुर्गम धार्मिक स्थलों पर सामान ढोने और यात्रियों की आवाजाही में भी इनका इस्तेमाल होता है। पहाड़ों के संकरे और कठिन रास्तों पर खच्चर काफी उपयोगी साबित होते हैं। रामपुर निवासी पशु व्यापारी शाहबुद्दीन ने बताया कि गढ़ मेले में दूर-दराज से खरीदार पहुंचते हैं। यहां पशुओं की नस्ल, उम्र, कद-काठी और चलने की क्षमता देखकर सौदे किए जाते हैं। मेले में घोड़ों और खच्चरों का बाजार पशुपालकों और व्यापारियों के लिए कमाई का बड़ा अवसर बन रहा है।
