गाजियाबाद, सच कहूँ/रविंद्र सिंह)। Ghaziabad News: हृदय स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से रविवार को इंदिरापुरम स्थित यशोदा मेडिसिटी की ओर से यशोदा हाफ मैराथन 4.0 का भव्य आयोजन किया गया। ‘रन फॉर योर हार्ट’ थीम पर आयोजित इस मैराथन में बच्चों, युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों सहित चार हजार से अधिक लोगों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। दिल्ली के शिक्षा मंत्री आशीष सूद ने हरी झंडी दिखाकर मैराथन को रवाना किया। गाजियाबाद की एलिवेटेड रोड पर आयोजित इस दौड़ में 21.1 किलोमीटर, 10 किलोमीटर, पांच किलोमीटर और तीन किलोमीटर की चार श्रेणियां रखी गईं।
कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के सूचना प्रौद्योगिकी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स मंत्री सुनील कुमार शर्मा, पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण मंत्री नरेंद्र कुमार कश्यप, जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मादंड और गाजियाबाद विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष नंद किशोर कलाल भी मौजूद रहे। सभी अतिथियों ने यशोदा मेडिसिटी के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक डॉ. पीएन अरोड़ा, डॉ सुनील डागर और अस्पताल के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ओर से भी यशोदा मेडिसिटी को बधाई पत्र भेजा गया। इसमें फिटनेस और बचाव आधारित स्वास्थ्य सेवाओं को बढ़ावा देने के लिए आयोजित इस पहल की सराहना की गई।
बेहतर प्रदर्शन करने वाले धावकों को मिला नकद पुरस्कार से नवाजा
मैराथन की विभिन्न श्रेणियों में बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। 21.1 किलोमीटर दौड़ के पुरुष एवं महिला वर्ग के विजेताओं को 11 हजार रुपये, प्रथम उपविजेताओं को 7100 रुपये और द्वितीय उपविजेताओं को 5100 रुपये दिए गए। इसी प्रकार 10 किलोमीटर श्रेणी में विजेताओं को 7100, प्रथम उपविजेताओं को 5100 और द्वितीय उपविजेताओं को 3100 रुपये प्रदान किए गए। पांच किलोमीटर दौड़ में विजेताओं को 5100, प्रथम उपविजेताओं को 3100 और द्वितीय उपविजेताओं को 2100 रुपये की पुरस्कार राशि दी गई। वरिष्ठ नागरिक श्रेणी के शीर्ष तीन प्रतिभागियों को भी सम्मानित किया गया।
दौड़ में शामिल धावकों को मेडल से नवाजा
आयोजन में स्पेशल ओलंपिक्स भारत के 25 बच्चों ने भी भाग लेकर अपनी प्रतिभा और उत्साह का परिचय दिया। उनकी सहभागिता को प्रोत्साहित करने के लिए प्रत्येक बच्चे को 2100 रुपये की नकद राशि प्रदान की गई। दौड़ पूरी करने वाले सभी प्रतिभागियों को फिनिशर मेडल दिए गए।
स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाना जरूरी: आशीष सूद
दिल्ली सरकार के शिक्षा मंत्री आशीष सूद ने कहा कि हाफ मैराथन जैसे आयोजन लोगों को नियमित व्यायाम और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करते हैं। स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता केवल अस्पतालों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि इसे समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाना जरूरी है।

स्वस्थ के प्रति जागरूक होना आवश्यक: सुनील शर्मा
उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री सुनील कुमार शर्मा ने भी इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन सभी आयु वर्ग के लोगों को फिटनेस के प्रति जागरूक करते हैं और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करते हैं।सभी को अपने स्वस्थ के लिए जागरूक होना आवश्यक है।
स्वस्थ हृदय के लिए नियमित व्यायाम जरूरी:डॉ पीएन अरोड़ा
यशोदा मेडिसिटी के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक डॉ. पीएन अरोड़ा ने कहा कि हृदय रोगों से बचाव के लिए नियमित शारीरिक गतिविधि, संतुलित खानपान और समय पर स्वास्थ्य जांच बेहद जरूरी है। अस्पताल का उद्देश्य केवल बीमारियों का इलाज करना नहीं, बल्कि लोगों को बीमारियों से बचाव के प्रति जागरूक करना भी है। इसी सोच के तहत हाफ मैराथन का आयोजन किया जा रहा है, ताकि फिटनेस को लोग अपनी जीवनशैली का नियमित हिस्सा बनाएं। उन्होंने बताया कि यशोदा हाफ मैराथन का अगला संस्करण तीन अक्टूबर 2027 को आयोजित किया जाएगा।
नियमित व्यायाम की जरूरत पर दिया जोर
विश्व स्वास्थ्य संगठन की फिजिकल एक्टिविटी प्रोफाइल 2024 के अनुसार भारत में 49.4 प्रतिशत वयस्क शारीरिक गतिविधि के निर्धारित स्तर को पूरा नहीं कर रहे हैं। महिलाओं में यह आंकड़ा 57.2 प्रतिशत और पुरुषों में 42 प्रतिशत है। डब्ल्यूएचओ के अनुसार वयस्कों को सप्ताह में कम से कम 150 मिनट मध्यम तीव्रता वाली अथवा 75 मिनट तेज तीव्रता वाली शारीरिक गतिविधि करनी चाहिए। मैराथन के माध्यम से लोगों को इसी दिशा में जागरूक करने का प्रयास किया गया।
