भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) के बैनर तले 20 जुलाई को सादाबाद तहसील परिसर में किसान पंचायत का आयोजन किया गया। पंचायत में किसानों ने आलू के उचित एवं लाभकारी मूल्य के लिए आलू भाव वृद्धि यज्ञ किया। सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक के समर्थन में सांकेतिक भूख हड़ताल भी की गई। 

अध्यक्षता जिला अध्यक्ष सत्यदेव पाठक ने की, जबकि संचालन मंडल उपाध्यक्ष चंद्रेश सिंह ने किया। चंद्रेश और युवा जिला अध्यक्ष मंगलेश यादव ने कहा कि आलू किसानों को उनकी फसल का लागत के अनुरूप मूल्य नहीं मिल रहा है। उन्होंने सरकार से ऐसी नीति बनाने की मांग की, जिससे किसानों को उनकी उपज का उचित दाम मिल सके। 

उन्होंने कहा कि क्षेत्र के मक्का उत्पादक किसान भी सरकारी खरीद व्यवस्था में परेशानियों का सामना कर रहे हैं। सादाबाद मंडी में मक्का खरीद केंद्र पर अधिकारियों की अनुपलब्धता के कारण किसान अपनी उपज नहीं बेच पा रहे हैं। भाकियू नेताओं ने मांग की कि वर्तमान में निर्धारित 1200 क्विंटल की खरीद क्षमता बढ़ाकर 1500 क्विंटल की जाए और खरीद की अंतिम तिथि में 15 दिन का अतिरिक्त समय दिया जाए, ताकि सभी किसान अपनी मक्का समय पर सरकारी मंडी में बेच सकें। 

किसानों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र निर्णय नहीं लिया गया तो संगठन आंदोलन को और तेज करेगा। मौके पर तहसील अध्यक्ष विक्रम सिंह वर्मा, विश्वजीत आर्य, दिगंबर सिंह ओमवीर सिंह, ओमप्रकाश, राजकुमार, उदयवीर सिंह, कृष्णवीर सिंह, रघुवीर सिंह, प्रेमचंद शर्मा आदि मौजूद थे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अभी अभी की खबरें