हाथरस में मथुरा-बरेली नेशनल हाईवे के निर्माण के दौरान 6 अगस्त की दोपहर गांव सलेमपुर पर धौलपुर (राजस्थान) निवासी मजदूर 30 वर्षीय हरिओम हाईटेंशन लाइन के करंट की चपेट में आ गए। गंभीर हालत में उन्हें बागला जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया।
हाथरस जंक्शन क्षेत्र के गांव सलेमपुर स्थित निजी स्कूल के सामने पुलिया की नपाई का काम चल रहा था। धौलपुर (राजस्थान) के थाना मानिया के गांव दुलारा निवासी हरिओम पुत्र गजाधर हाथ में धातु की छड़ी से पुलिया नाप रहे थे। वह एक बार ऊपर से जा रही हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से बचे, लेकिन थोड़ी देर बार फिर से उनका ध्यान भटक गया।
छड़ी ऊपर करते ही वह हाईटेंशन लाइन से स्पर्श हो गई और तेज धमाका हुआ। करंट लगने से हरिओम अचेत हो गया। मौके पर काफी संख्या में मजदूर जमा हो गए। ठेकेदार भी वहां पहुंच गए। साथी मजदूर हरिओम को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
हादसे के समय हरिओम का छोटा भाई जोगराम भी साथ था। भाई की मौत की खबर सुनते ही वह बदहवास हो गया। उसने फोन से गांव में हादसे की जानकारी दी। मृतक ने अपने पीछे पत्नी व दो मासूम बेटों को बिलखते हुए छोड़ा है। जोगराम ने बताया कि हरिओम का एक बेटा दो साल और एक दो महीने का है। वे लोग करीब ढाई महीने पहले गांव से मजदूरी करने यहां आए थे। सीओ सिकंदराराऊ अमित पाठक ने बताया कि हादसे की जांच की जा रही है। तहरीर के आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
