बिसावर क्षेत्र में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां हरियाणा के नूंह जिले के निवासी ट्रक चालक का कथित रूप से हथियारों के बल पर अपहरण कर लिया गया। चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए बाजरे के खेत में छिपकर अपनी जान बचाई। शिकायत के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में मामला आपसी रंजिश से जुड़ा प्रतीत हो रहा है।
नूंह जिले के गांव दिहाना निवासी साबिर ने बताया कि वह ट्रक चालक है। वह आठ-नौ जून की मध्य रात्रि करीब 2:15 बजे बिसावर स्थित मेवात गोल्डन ट्रांसपोर्ट पर ट्रक खड़ा कर सो गया था। सुबह करीब 4:20 बजे जब वह बाहर निकला तो चौराहे पर खड़ी काले रंग की स्कॉर्पियो के पास मौजूद लोगों ने उसे नाम लेकर बुलाया। जैसे ही वह उनके पास पहुंचा, आरोपियों ने हथियारों के बल पर उसे जबरन गाड़ी में बैठा लिया और अपने साथ ले गए।
साबिर के अनुसार, रास्ते में आरोपियों ने उससे उसके गांव के एक पड़ोसी के साथ हुए पुराने विवाद के बारे में पूछताछ की और उसे लगातार धमकाते रहे। सुबह करीब 10 बजे बदमाश एक सुनसान स्थान पर भोजन के लिए रुके। इस दौरान साबिर मौका पाकर स्कॉर्पियो से निकलकर पास के बाजरे के खेत में छिप गया और अपनी जान बचाई।
काफी देर बाद बदमाशों के चले जाने पर वह खेतों के रास्ते मुख्य सड़क तक पहुंचा। इसके बाद एक वाहन चालक की मदद से वह मथुरा पहुंचा और परिजनों को सूचना दी। बाद में वह बिसावर चौकी पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। चौकी प्रभारी अमित कुमार ने बताया कि शिकायत मिल चुकी है और मामले की जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। मामला रंजिश से जुड़ा प्रतीत हो रहा है।
