हाथरस रोड पर चार किलोमीटर दूर गांव चमरौली पर डंपर ने पीछे से बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक चालक की मौत हो गई। बच्चे समेत दो लोग घायल हो गए, जिन्हें अलीगढ़ रेफर कर दिया गया। हादसे से गुस्साए ग्रामीणों ने जाम लगा दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गांव रजापुर निवासी 35 वर्षीय मोनू यादव पुत्र विजयपाल अपने 12 वर्षीय पुत्र अमोल को लेकर बाइक पर सिकंदराराऊ से अपने गांव आ रहे थे। सिकन्दराराऊ से ही उसके साथ गांव चमरौली के गंगा सिंह पुत्र विजयपाल भी बैठ गए। चमरौली हाईवे पर मंदिर के निकट मोनू यादव बाइक रोक कर गंगा सिंह को उतार रहा था, तभी पीछे से आते डंपर ने बाइक में टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मोनू यादव की मौके पर ही मौत हो गई। गंगा सिंह और अमोल घायल हो गए। दोनों घायलों को अलीगढ़ रेफर कर दिया गया। हादसे में मोनू यादव के मौत की खबर सुनकर ग्रामीण सड़क पर आ गए। ग्रामीणों ने सड़क पर अवरोध लगाकर जाम लगा दिया। जिससे सिकंदराराऊ तथा हाथरस की तरफ कई किलोमीटर तक वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
सीओ जेएन अस्थाना, एसडीएम संजय कुमार, एसडीएम सुभेन्दु गोपाल पुलिस बल के साथ घटना स्थल पर पहुंच गए। उन्होंने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। ग्रामीणों की मांग है कि यहां पर पुलिया बनाने की की काफी दिनों से बात उठाई जा रही थी। इसको लेकर पूर्व में धरना-प्रदर्शन भी किया गया, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। समाचार लिखे जाने तक जाम लगा रहा।
