हाथरस। शहर के मोहल्ला खातीखाना में शुक्रवार की दोपहर 1:35 बजे एक निर्माणाधीन भवन की दो पुरानी दीवारें अचानक भरभराकर गिर पड़ीं। मलबे की चपेट में आने से दीवार के सहारे बाइक पर बैठे दो युवक दबकर घायल हो गए, जबकि वहां खड़े कुल तीन दोपहिया वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।

हादसे के बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई और जायदाद मालिक और जेसीबी चालक घटनास्थल से फरार हो गए। मोहल्ला खातीखाना में जायदाद मालिक राजीव कुमार अग्रवाल की जमीन पर भवन निर्माण कार्य चल रहा था। यहां जेसीबी मशीन से मिट्टी खोदने और नींव भरने का काम किया जा रहा था।

बताया जा रहा है कि खोदाई के दौरान सड़क और गली की ओर की पुरानी दीवारों के सहारे मिट्टी का दबाव व वजन काफी अधिक हो गया। इस दबाव को न झेल पाने के कारण अचानक दोनों ओर की दीवारें भरभराकर गिर गईं। जिस समय यह हादसा हुआ, वहां दीवार के सहारे खड़ी बाइकों पर दो युवक सवार थे, जो सीधे मलबे की चपेट में आकर दब गए।

अचानक दीवारें गिरने की तेज आवाज सुनकर आसपास के दुकानदार और राहगीर दौड़ पड़े। लोगों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू करते हुए कड़ी मशक्कत के बाद मलबे में दबे दोनों युवकों को बाहर निकाला। घायलों की पहचान जोगीपुरा थाना हाथरस गेट क्षेत्र निवासी कपिल और मनीष के रूप में हुई है।

दोनों के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल उपचार के लिए बागला जिला अस्पताल ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने मनीष की हालत चिंताजनक देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। दूसरे घायल कपिल को मामूली चोटें आने के कारण उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।

सीओ डीके सिंह ने बताया कि खातीखाना में भवन निर्माण के दौरान मिट्टी के दबाव से पुरानी दीवारें गिरने से दो युवक घायल हुए हैं और तीन दोपहिया वाहन क्षतिग्रस्त हुए हैं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला है। तहरीर मिलने पर जांच कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।



Source link