सिढ़पुरा। रबी की बुवाई के बीच क्षेत्र के किसानों को डीएपी खाद के लिए परेशानी उठानी पड़ रही है। सिढ़पुरा क्षेत्र के खरगातीपुर और पिथनपुर बीपैक्स केंद्रों के साथ आईएफएफडीसी सिढ़पुरा व इफ्को ई-बाजार में डीएपी उपलब्ध नहीं है।

इससे गेहूं, जौ और लहसुन की बुवाई कर रहे किसानों को इधर-उधर भटकना पड़ रहा है। किसानों का कहना है कि करीब एक माह से डीएपी नहीं मिली है। इससे बुवाई का समय निकल रहा है।

शुक्रवार को दोपहर तकनीकी दिक्कत के कारण 12 बजे तक केंद्रों पर ई-पाॅस मशीन नहीं चली। इससे यूरिया का वितरण भी दोपहर 12 बजे के बाद शुरू हो सका। किसानों को घंटों इंतजार करना पड़ा।

किसानों के अनुसार, फसल में खाद की जरूरत पड़ने पर भी समय से डीएपी और यूरिया उपलब्ध नहीं हो पा रही। इससे बुवाई और फसलों की जरूरतें प्रभावित हो रही हैं। आईएफएफडीसी प्रोपराइटर आशु गुप्ता ने बताया कि विकल्प के तौर पर सिंगल सुपर फॉस्फेट (एसएसपी) 950 रुपये प्रति बोरी उपलब्ध है।

बीपैक्स सचिव मनोज कुमार व अनंगपाल के मुताबिक, 1350 रुपये प्रति बोरी वाली डीएपी के विकल्प में 12:32:16 एनपीके खाद 2450 रुपये प्रति बोरी उपलब्ध है। इसका इस्तेमाल भी डीएपी के विकल्प के रूप में किया जा सकता है। डीएपी की एक बोरी की कीमत 1350 रुपये है।

——————

क्या बोले किसान

बाजार में यूरिया 360 रुपये में मिल रही है, पर डीएपी न मिलने से कई दिनों से परेशानी है। – राकेश, नगला मुलू

पिछले एक माह से डीएपी के लिए परेशान हैं। गेहूं की बुवाई चल रही है।- राजू शाक्य, किसान

समितियों के चक्कर काट रहे हैं डीएपी के बजाय एनपीके व एसएसपी मिल रही है। – बबलेश, लखनपुर

डीएपी न मिलने से यूरिया व पोटाश मिलाकर बुवाई करनी पड़ रही है। काफी परेशानी हो रही है। – रामकिशोर, लांगपुर

————————

वर्जन

रबी सीजन में अब तक 3,337 मीट्रिक टन डीएपी बांटी जा चुकी है। आरटीजीएस होते ही समितियों को 15 टन डीएपी दी जाएगी। – अशोक कुमार, एआर-को-ऑपरेटिव



Source link