भ्रष्टाचार निवारण संगठन आगरा और अलीगढ़ की संयुक्त टीम ने सिकंदराराऊ थाने की कचौरा पुलिस चौकी के प्रभारी जंगजीत सिंह को 22 मई रात 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। मारपीट के मामले में आरोपियों पर कार्रवाई के लिए दरोगा ने महिला से रिश्वत मांगी थी।
सिकंदराराऊ के गांव जुलापुर की रीना पत्नी अनिल ने 10 मई को थाने में गांव के ही चार लोगों के खिलाफ मारपीट और अभद्र व्यवहार करने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पीड़ित महिला अपनी शिकायत पर कार्रवाई और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई दिनों से कचौरा चौकी और सिकंदराराऊ थाने के चक्कर काट रही थी।
पीड़िता का आरोप है कि कचौरा चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक जंगजीत सिंह आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने की एवज में 10,000 की रिश्वत मांग रहे थे। महिला इसकी शिकायत भ्रष्टाचार निवारण संगठन अलीगढ़ में की। शिकायत पर दरोगा को दबोचने के लिए आगरा और अलीगढ़ की संयुक्त ट्रैप टीम का गठन किया गया।
22 मई रात करीब आठ बजे जैसे ही पीड़ित महिला ने कचौरा चौकी प्रभारी जगजीत सिंह को केमिकल लगे हुए 500-500 के नोट थमाए, वैसे ही टीम ने दरोगा को दबोच लिया। गिरफ्तारी के बाद एंटी करप्शन की टीम ने कचौरा चौकी पर ही जरूरी कागजी और कानूनी औपचारिकताएं पूरी कीं। इसके बाद आरोपी दारोगा जंगजीत सिंह को गिरफ्तार कर कोतवाली हाथरस जंक्शन लाया गया।
एंटी करप्शन की टीम ने चौकी प्रभारी को गिरफ्तार किया है। मामले में रिपोर्ट दर्ज की जा रही है। एफआईआर के बाद विभागीय कार्रवाई भी अमल में लाई जाएगी।-चिरंजीवनाथ सिन्हा, एसपी
