इटावा। सोशल साइट पर दोस्ती के बाद शादी का झांसा देकर इटावा का युवक झारखंड से युवती ले आया। युवती को यहां लाने के बाद युवक ने शादी से इन्कार कर दिया। पीड़िता की तहरीर पर बकेवर थाना पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।

मूलरूप से रांची के ग्राम अरमू अरगौड़ा और हाल निवासी महादेव मंडा-चुटिया रांची झारखंड की युवती ने पुलिस को तहरीर दी। इसमें बताया कि बचपन में ही उसके माता-पिता की मृत्यु हो गई थी। उसका पालन-पोषण उसकी मौसी ने किया। करीब एक साल पहले सोशल साइट के माध्यम से उसकी दोस्ती बकेवर थानाक्षेत्र के कस्बा लखना तकिया मुहाल निवासी ताजिम से हुई। धीरे-धीरे दोनों की बातचीत प्यार में बदल गई। पीड़िता के मुताबिक ताजिम पहले कई बार मिलने रांची आ चुका था। 13 मई को वह दोबारा रांची में मौसी के घर पहुंचा और उसे शादी का झांसा देकर अपने साथ चलने के लिए राजी कर लिया।
17 मई को आरोपी युवक युवती को लखना ले आया। युवती का आरोप है कि लखना पहुंचने के बाद आरोपी ताजिम ने शादी करने से साफ इन्कार कर दिया। थाना प्रभारी बकेवर विपिन मलिक ने बताया कि आरोपी के खिलाफ अपहरण समेत कई धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है। मामले की जांच एसआई अंकित पटेल को सौंपी गई है। पुलिस आरोपी की तलाश में दबिश दे रही है।