Flex Fuel Motorcycle: हीरो मोटोकॉर्प आज यानी तीन जून को भारत की पहली फ्लेक्स-फ्यूल बाइक लॉन्च करने जा रही है। यह बाइक इथेनॉल मिश्रित ईंधन पर चलेगी और रोजाना यात्रा करने वाले लाखों ग्राहकों के लिए कम खर्च वाला विकल्प साबित हो सकती है। हालांकि कंपनी ने अभी तक बाइक के नाम और पूरी स्पेसिफिकेशन का खुलासा नहीं किया है, लेकिन माना जा रहा है कि यह स्प्लेंडर या HF Deluxe प्लेटफॉर्म पर आधारित हो सकती है।

Flex-Fuel टेक्नोलॉजी क्या है?

फ्लेक्स-फ्यूल वाहन ऐसे इंजन के साथ आते हैं जो अलग-अलग इथेनॉल मिश्रण वाले ईंधन को स्वीकार कर सकते हैं। हीरो की नई बाइक E20 से लेकर E100 तक के फ्यूल ब्लेंड पर चलने में सक्षम हो सकती है। इसका मतलब है कि बाइक 20 प्रतिशत इथेनॉल मिश्रित पेट्रोल से लेकर 100 प्रतिशत इथेनॉल तक पर काम कर सकेगी। इससे पेट्रोल पर निर्भरता कम होगी और पर्यावरण को भी फायदा मिलेगा।

किस पर आधारित होगी नई बाइक?


  • कंपनी ने फिलहाल बेस मॉडल की पुष्टि नहीं की है, लेकिन इंडस्ट्री रिपोर्ट्स के अनुसार दो नाम स्प्लेंडर और एचएफ डीलक्स के नाम सबसे आगे आते हैं। जनवरी 2025 में Bharat Mobility Expo के दौरान कंपनी ने HF Deluxe Flex-Fuel प्रोटोटाइप पेश किया था।

  • वहीं, दूसरी ओर Splendor हीरो की सबसे ज्यादा बिकने वाली मोटरसाइकिल है और देशभर में इसकी जबरदस्त लोकप्रियता है। ऐसे में संभावना जताई जा रही है कि कंपनी Splendor Flex-Fuel को बाजार में उतार सकती है। हालांकि अंतिम खुलासा लॉन्च के दौरान ही होगा।


ग्राहकों को क्या-क्या मिल सकता है?


  • हीरो की नई फ्लेक्स-फ्यूल बाइक को खास तौर पर रोजाना सफर करने वाले ग्राहकों को ध्यान में रखकर बनाया है। कंपनी यह मोटरसाइकिल बेहतर माइलेज, कम रखरखाव लागत और भरोसेमंद परफॉर्मेंस के साथ लाने की तैयारी में है। साथ ही, बढ़ती पेट्रोल कीमतों के बीच यह बाइक ईंधन खर्च कम करने में भी मदद कर सकती है।

  • कंपनी के अनुसार हीरो इस बात पर भी जोर दे रही है कि बाइक की राइड क्वालिटी और रोजमर्रा की उपयोगिता बनी रहे, ताकि ग्राहकों को नई तकनीक के साथ व्यावहारिक और किफायती विकल्प मिल सके। यानी यह मोटरसाइकिल सिर्फ वैकल्पिक ईंधन पर चलने वाली बाइक नहीं होगी, बल्कि कम्यूटर ग्राहकों के लिए एक स्मार्ट और खर्च बचाने वाला समाधान भी बन सकती है।


इंजन में होंगे ये बड़े बदलाव


इथेनॉल आधारित ईंधन को संभालने के लिए बाइक में कई तकनीकी बदलाव किए जा सकते हैं। संभावित बदलावों में इथेनॉल-रेजिस्टेंट फ्यूल लाइन और सील्स, ए फ्यूल इंजेक्टर, अपग्रेडेड फ्यूल पंप, जंग-रोधी इंजन पार्ट्स, अलग-अलग इथेनॉल ब्लेंड के लिए ECU मैपिंग और बेहतर परफॉर्मेंस के लिए विशेष कैलिब्रेशन शामिल हैं। इन बदलावों का उद्देश्य लंबे समय तक इंजन की विश्वसनीयता बनाए रखना होगा।



डिजाइन में क्या होगा नया?


  • नई फ्लेक्स-फ्यूल बाइक का मूल डिजाइन मौजूदा मॉडल जैसा ही रहने की उम्मीद है। हालांकि इसे अलग पहचान देने के लिए कंपनी कुछ कॉस्मेटिक अपडेट दे सकती है।

  • संभावित बदलाव नए ग्राफिक्स, Flex-Fuel बैजिंग, ग्रीन थीम एक्सेंट्स और अपडेटेड स्टिकर पैकेज शामिल हैं। इससे बाइक का पर्यावरण-अनुकूल चरित्र साफ दिखाई देगा।


कितनी हो सकती है कीमत?


  • फ्लेक्स-फ्यूल तकनीक और अतिरिक्त हार्डवेयर की वजह से नई बाइक की कीमत स्टैंडर्ड पेट्रोल मॉडल से थोड़ी ज्यादा हो सकती है।

  • कीमत की बात करें तो HF Deluxe Flex-Fuel 65,000 से ₹80,000 (एक्स-शोरूम) रुपये और स्प्लेंडर फ्लेक्स-फ्यूल 80,000 से ₹95,000 (एक्स-शोरूम) रुपये हो सकती है।


क्यों  है यह इतना खास?


  • भारत सरकार लंबे समय से इथेनॉल आधारित ईंधन को बढ़ावा दे रही है, जिससे कच्चे तेल के आयात पर निर्भरता कम हो सके। ऐसे में हीरो की यह फ्लेक्स-फ्यूल बाइक देश के दोपहिया बाजार में एक नई शुरुआत मानी जा रही है।

  • अगर यह तकनीक ग्राहकों को पसंद आती है तो आने वाले वर्षों में कई अन्य कंपनियां भी अपने फ्लेक्स-फ्यूल मॉडल बाजार में उतार सकती हैं।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *