आगरा। नगर निगम ने बृहस्पतिवार को ताजगंज क्षेत्र में अवैध होर्डिंग और अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया। ताजगंज जोनल कार्यालय से रमाडा होटल तक निगम की टीम ने तीन दर्जन से अधिक अवैध होर्डिंग और सड़क किनारे फुटपाथ पर रखे काउंटर हटवाए।
अभियान के दौरान कई व्यापारियों ने सफाई देने की कोशिश की, लेकिन निगम अधिकारियों ने स्पष्ट कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर अवैध कब्जा किसी भी रूप में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मौके पर ही हजारों रुपये का जुर्माना वसूला गया। नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल ने बुधवार को निरीक्षण के दौरान ताजगंज मार्ग पर अवैध होर्डिंगों और फुटपाथ कब्जे पर नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को तुरंत अभियान चलाने के निर्देश दिए थे। उसी क्रम में बृहस्पतिवार को निगम की ओर से यह कार्रवाई की गई। अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
