लखनऊ शहर के अटल बिहारी वाजपेयी इकाना स्टेडियम में 15 मई को होने वाले मुकाबले के लिए चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के खिलाड़ी बुधवार को पहुंच गए। इस हाई-वोल्टेज मुकाबले में चेन्नई की टीम जीत दर्ज करने के साथ प्लेऑफ के लिए दावेदारी करना चाहेगी।
टीम के खिलाड़ी एयरपोर्ट से बस से सीधे सुशांत गोल्फ सिटी स्थित द सेंट्रम होटल पहुंची, जहां खिलाड़ियों का पारंपरिक भारतीय अंदाज में स्वागत किया गया। होटल पहुंचने पर सबसे पहले कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ टीम बस से सबसे बाहर निकले। इसके बाद एक-एक कर खिलाड़ी होटल में दाखिल हुए।
ये भी पढ़ें – लखनऊ समेत 19 जिलों के 18.67 लाख स्मार्ट मीटर पोस्टपेड में बदले, उपभोक्ताओं को पहुंचने लगे संदेश
ये भी पढ़ें – अमर उजाला संवाद: 18-19 मई को सिनेमा और राजनीति के दिग्गजों का होगा जुटान, रजिस्ट्रेशन कर ऐसे पाएं फ्री एंट्री
इन खिलाड़ियों में स्टार बल्लेबाज संजू सैमसन की एक झलक पाने के लिए होटल के बाहर बड़ी संख्या में क्रिकेट प्रेमी जुटे रहे। इस दौरान टीम के हेड कोच स्टीफन फ्लेमिंग के अलावा धाकड़ बल्लेबाज शिवम दुबे, पांच गेंदों लगातार पांच छक्के जड़कर सुर्खियां बटोरने वाले उर्विल पटेल के अलावा तेज गेंदबाज अंशुल काम्बोज और जेमी ओवरटन ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। मिली जानकारी के अनुसार टीम बृहस्पतिवार शाम को इकाना स्टेडियम में अभ्यास करेगी।
एलएसजी ने शुरू किया अभ्यास
आईपीएल की अंक तालिका में सबसे निचले पायदान पर फिसल चुकी मेजबान लखनऊ सुपरजायंट्स (एलएसजी) की टीम शाम करीब साढ़े चार बजे इकाना स्टेडियम पहुंची, जहां कप्तान ऋषभ पंत, एडेन मार्करम और निकोलस पूरन ने नेट्स पर जमकर बल्लेबाजी अभ्यास किया।
खिलाड़ियों ने लंबे-लंबे छक्के लगाकर अपने आक्रामक इरादे जाहिर किए। वहीं युवा प्रिंस यादव के अलावा अनुभवी मो. शमी और दिग्वेश राठी ने नेट्स देर तक गेंदबाजी की। चूंकि लखनऊ के लिए आईपीएल का सफर अब खत्म हो चुका है। ऐसे में टीम प्रबंधन बैंच में बैठे खिलाड़ियों को चेन्नई के खिलाफ उतार सकता है। साथ ही टीम अगले मुकाबले जीतकर अन्य टीमों का गणित बिगाड़ सकती है।
धोनी लखनऊ के खिलाफ मुकाबले में उतरना नहीं चाहते
महेंद्र सिंह धोनी बुधवार को शहर पहुंची टीम के साथ नजर नहीं आए, जिससे उनके खेलने को लेकर संशय बना हुआ है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार धोनी पूरी तरह फिट हैं और अभ्यास सत्र में बल्लेबाजी भी कर रहे हैं। मिली जानकारी के अनुसार टीम कंबीनेशन में छेड़छाड़ न करने के इरादे से धोनी लखनऊ के खिलाफ मुकाबले में उतरना नहीं चाहते हैं। उनके खेलने के लेकर जारी संशय के कारण आयोजकों ने जनरल स्टैंड के टिकटों की कीमतों में कटौती कर दी है। हालांकि हॉस्पिटैलिटी टिकट दरों में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
