जालौन जिले के कदौरा थाना क्षेत्र में आर्थिक तंगी, बढ़ते कर्ज और घरेलू कलह से परेशान एक गल्ला व्यापारी ने सल्फास खाकर जान दे दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, थाना क्षेत्र के ग्राम बबीना निवासी सुनील साहू (40) पुत्र रामआसरे पिछले चार वर्षों से कस्बे के मोहल्ला पुरवा में किराये के मकान में परिवार सहित रहकर गल्ला मंडी में अनाज का व्यापार कर रहे थे।
सोमवार को वह कुरारा थाना क्षेत्र के ग्राम ककरऊ स्थित अपनी रिश्तेदारी में गए हुए थे। बताया गया कि व्यापार में लगातार घाटा होने के चलते उन पर करीब 35 लाख रुपये का कर्ज हो गया था। लेनदारों के लगातार तगादे और आर्थिक दबाव के कारण वह लंबे समय से मानसिक तनाव में चल रहे थे। इसी बात को लेकर घर में भी अक्सर विवाद होता रहता था। परिजनों के मुताबिक तनाव में आकर उन्होंने रिश्तेदारी में ही सल्फास खा लिया। हालत बिगड़ने पर उन्हें आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया।