पूर्व मंत्री एवं राज्यसभा सांसद रहे वरिष्ठ सपा नेता श्रीराम पाल के भतीजे की संदिग्ध परिस्थितियों में विषाक्त पदार्थ के सेवन से मौत हो गई। उनका शव बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे के पास खेत में पड़ा मिला। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम परवई निवासी जयसिंह पाल (34) एक पेस्टीसाइड कंपनी में सेल्समैन के पद पर कार्यरत थे। परिजनों के अनुसार उनकी पत्नी गुड़िया आठ माह की गर्भवती हैं और उनके इलाज के लिए जयसिंह ने तीन दिन पहले कंपनी से अवकाश लिया था। शनिवार सुबह करीब नौ बजे वह घर से बिना किसी को बताए अपनी बाइक लेकर निकल गए।
परिवार के लोगों ने पहले सोचा कि वह कंपनी के काम से बाहर गए होंगे, लेकिन देर रात तक वापस न लौटने पर चिंता बढ़ गई। परिजनों ने रात में उनकी तलाश की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिला। मोबाइल फोन पर भी संपर्क नहीं हो सका। रविवार को बड़े भाई धर्मसिंह पाल उनकी गुमशुदगी दर्ज कराने के लिए छिरिया मलकपुरा चौकी पहुंचे। पुलिस के साथ जालौन कोतवाली की ओर आते समय बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे के पास जालौन की ओर स्थित पेट्रोल पंप के पीछे रास्ते में जयसिंह की बाइक खड़ी दिखाई दी।