आटा। थाना क्षेत्र के गढ़ा गांव निवासी किशोरीलाल ने इटौरा चौकी इंचार्ज पर डराकर प्रार्थना पत्र पर हस्ताक्षर कराने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने रविवार को थाना आटा में प्रार्थना पत्र देकर मामले की जांच कराने के साथ ही जान-माल की सुरक्षा की गुहार लगाई है।
किशोरीलाल ने बताया कि उसका भाई भानुप्रताप और भतीजा अभिषेक से पारिवारिक विवाद चल रहा है। आरोप है कि भानुप्रताप अपने मकान की दीवार की छपाई उसके घर की ओर कराना चाहता है, जिसका उसने विरोध किया था। इसके बाद से उसे पुलिस के माध्यम से परेशान किए जाने का आरोप लगाया है।
पीड़ित के मुताबिक, पांच सितंबर को उसे इटौरा चौकी बुलाया गया था। आरोप है कि चौकी इंचार्ज ने उसे डराकर एक प्रार्थना पत्र पर हस्ताक्षर करा लिए। इसके बाद रात करीब आठ बजे वह गांव के किनारे स्थित मकान में ताला लगा रहा था तभी भानुप्रताप और अभिषेक ने उसे घेर लिया।
आरोप है कि भानुप्रताप ने उस पर डंडा फेंककर हमला किया, जिससे वह जान बचाकर वहां से भागा। पीड़ित का कहना है कि दोनों ने पकड़ में आने पर जान से मारने की धमकी भी दी। घटना के बाद से किशोरीलाल और उसका परिवार डरा हुआ है। थाना प्रभारी अभिलाष मिश्रा का कहना है कि मामले में जांच की जा रही है।
