कोटरा। कस्बे के मोहल्ला छोटी माता में बुधवार की सुबह जब एक ही घर से पति-पत्नी की अर्थियां एक साथ उठीं तो चीख-पुकार मच गई। परिजनों का विलाप देख हर किसी की आंखें नम हो गईं। मंगलवार को बीमारी से पति की मौत की खबर सुनकर पत्नी सदमे में बेहोश हुई थीं। कुछ ही देर बाद उनकी भी मौत हो गई।
मोहल्ला छोटी माता निवासी किसान ठाकुर मुलू सिंह परिहार के छोटे बेटे मानसिंह (60) पिछले दो वर्षों से बीमार चल रहे थे। मंगलवार को बीमारी के चलते उनका निधन हो गया। पति की मौत की खबर पत्नी गायत्री देवी (54) को मिली तो वह सदमे में बेहोश हो गईं। परिजन उन्हें संभाल पाते, इससे पहले ही उनकी भी मौत हो गई। एक साथ पति-पत्नी की मौत से परिवार में कोहराम मच गया।
बुधवार सुबह करीब दस बजे जब दोनों की अर्थियां एक साथ घर से उठीं तो माहौल बेहद गमगीन हो गया। परिजन दहाड़ें मारकर रोने लगे। अंतिम यात्रा में शामिल लोगों की आंखें भी नम हो गईं।
दोनों की अंतिम यात्रा बेतवा नदी के किनारे स्थित श्मशान घाट पहुंची। यहां बड़े बेटे रवि ने माता-पिता को मुखाग्नि दी। एक साथ पति-पत्नी की चिता जलते देख वहां मौजूद लोगों की आंखें भर आईं।
