पहाड़गांव। रक्षाबंधन के दिन घर में अकेली 15 वर्षीय किशोरी से युवक ने दुष्कर्म का प्रयास किया। किशोरी के शोर मचाने पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे, जिसके बाद आरोपी उसके साथ मारपीट कर भाग गया। किशोरी के पिता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
कैलिया थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी एक व्यक्ति 28 अगस्त को रक्षाबंधन के पर्व पर गांव में भुजरिया बांटने के लिए गया था। वह घर पर अपनी 15 वर्षीय बेटी को अकेला छोड़ गया था। आरोप है कि इसी दौरान गांव का वीरपाल मौका पाकर किशोरी के घर पहुंचा। दरवाजा अंदर से बंद होने पर उसने कुंडी बजाई लेकिन दरवाजा नहीं खुला। इसके बाद आरोपी घर के बगल में बनी कच्ची दीवार फांदकर घुस गया।
आरोपी ने कमरे में पहुंचकर किशोरी से दुष्कर्म का प्रयास किया। किशोरी ने शोर मचाया तो आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। आरोपी किशोरी की पिटाई कर वहां से भाग निकला। थानाध्यक्ष अवनीश कुमार ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज की है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं ।