उरई। सहकारी समितियों के कर्मचारियों की हड़ताल समाप्त होने के बाद जिले में खाद वितरण व्यवस्था धीरे-धीरे पटरी पर लौटने लगी है। करीब 15 दिन बाद समितियों के खुलने से किसानों ने राहत की सांस ली है। गुरुवार को सिरसा कलार और जखा समितियों पर डीएपी का वितरण शुरू हुआ, लेकिन दमरास में खाद उपलब्ध न होने और नियामतपुर में सचिव के दूसरे केंद्र पर ड्यूटी होने से किसानों को खाद नहीं मिल सकी। उधर, माधौगढ़ क्षेत्र की 18 बी-पैक्स समितियों पर भी कर्मचारियों के काम पर लौटने के बाद खाद वितरण शुरू हो गया।
वेतन वृद्धि की मांग को लेकर सहकारी समितियों के कर्मचारी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए थे। इससे रबी की बोआई के सीजन में डीएपी का वितरण प्रभावित हो गया था। किसानों को निजी दुकानों से महंगे दामों पर खाद खरीदनी पड़ रही थी। सिरसा कलार क्षेत्र में 13 दिन की हड़ताल के बाद 14वें दिन शाम करीब तीन बजे समितियां खोली गईं। गुरुवार को 15वें दिन जानकारी मिलने पर किसान सुबह से ही समितियों पर पहुंच गए। सिरसा कलार और जखा में टोकन के माध्यम से डीएपी का वितरण किया गया।
किसान राममूरत सिंह, महेंद्र सिंह, गुड्डू चंदेल और रामविजय सिंह ने बताया कि समितियों पर सरकारी दर से खाद मिलने से राहत मिली है। अब उन्हें महंगे दामों पर खाद नहीं खरीदनी पड़ेगी और समय से बोआई कर सकेंगे।
दमरास बहुउद्देशीय ग्रामीण सहकारी समिति के सचिव सुभाष कुमार ने बताया कि डीएपी के लिए मांग भेज दी गई है। गुरुवार शाम या शुक्रवार सुबह तक खाद उपलब्ध होने की उम्मीद है। इसके बाद वितरण शुरू कराया जाएगा। वहीं, नियामतपुर समिति के सचिव रविकांत सिंह ने बताया कि उनके पास नियामतपुर के साथ मदारीपुर समिति का भी प्रभार है। गुरुवार को वह मदारीपुर में खाद का वितरण करा रहे थे। शुक्रवार को नियामतपुर पहुंचकर वितरण शुरू करा सकेंगे।
माधौगढ़ क्षेत्र की 18 समितियों पर भी शुरू हुआ वितरण
माधौगढ़। तहसील क्षेत्र में गोपालपुरा, मिझौना, अटागांव, हरौली, धमना, गोहन, गोरा भूपका, सरावन, अमखेड़ा, रुद्रपुरा, रामपुरा, सिद्धपुरा, टीहर, जगम्मनपुर, ऊमरी, मजीठ, नावर और बहादुरपुर सहित 18 बी-पैक्स सहकारी समितियां संचालित हैं। कर्मचारियों की हड़ताल के चलते इन समितियों पर खाद वितरण प्रभावित था। गुरुवार को कर्मचारी काम पर लौटे तो डीएपी का वितरण शुरू किया गया। किसान सूर्य प्रताप सिंह, समरजीत सिंह, नत्थू सिंह और रवींद्र सिंह ने बताया कि खाद नहीं मिलने से बोआई में देरी हो रही थी। वितरण शुरू होने से अब समय से फसल की बोआई की उम्मीद जगी है। (संवाद)
डीएम ने तीन समितियों का किया निरीक्षण, पारदर्शिता के निर्देश
उरई। जिलाधिकारी समीर ने आटा, इटौरा और छौक बहुउद्देशीय प्राथमिक ग्रामीण सहकारी समितियों का औचक निरीक्षण कर खाद वितरण व्यवस्था का जायजा लिया। तीनों समितियों पर केंद्र प्रभारी उपस्थित मिले। डीएम ने निर्देश दिए कि किसानों को उनकी आवश्यकता के अनुरूप उर्वरक उपलब्ध कराया जाए और वितरण में पारदर्शिता रखी जाए। उन्होंने कहा कि जिले में पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध है, इसलिए किसानों को खाद के लिए परेशान नहीं होना चाहिए। वितरण में लापरवाही या अनियमितता मिलने पर संबंधित केंद्र प्रभारी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान एसडीएम कालपी विनय कुमार मौर्य मौजूद रहे। (संवाद)
जगनेवा समिति में मिला 100 मीट्रिक टन खाद का स्टॉक
जालौन। तहसील क्षेत्र के ग्राम जगनेवा स्थित सरकारी खाद की दुकान का एसडीएम राकेश कुमार सोनी ने निरीक्षण किया। उन्होंने खाद की उपलब्धता, स्टॉक रजिस्टर और वितरण व्यवस्था की जांच की। समिति में 100 मीट्रिक टन खाद उपलब्ध मिली। एसडीएम ने किसानों से बातचीत कर खाद मिलने की स्थिति जानी। किसानों ने बताया कि उन्हें समिति से खाद मिल रही है। इस पर उन्होंने कर्मचारियों को वितरण व्यवस्था व्यवस्थित रखने और शासन के निर्देशों का पालन करने के निर्देश दिए। साथ ही चेतावनी दी कि खाद वितरण में गड़बड़ी मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। (संवाद)

