A spark from the stove reduced a farmer's household to ashes.

फोटो – 02 आग से जला गृहस्थी का सामान। संवाद

सिरसा कलार। थाना क्षेत्र के टिकरी मुस्तकिल गांव में रविवार को चूल्हे की चिंगारी से किसान के घर में आग लग गई। आग से घर में रखा गेहूं, अनाज, कपड़े, सोने-चांदी के जेवर समेत पूरी गृहस्थी जलकर राख हो गई। किसान के मुताबिक, हादसे में करीब छह लाख रुपये का नुकसान हुआ है। गनीमत रही कि घर में मौजूद बच्चे बाल-बाल बच गए।


गांव निवासी किसान पवन सिंह की पत्नी रूबी देवी रविवार को चूल्हे पर खाना बनाने के बाद पशुबाड़े में पशुओं को चारा-पानी देने चली गईं। पवन सिंह भी खेत पर चले गए। इसी दौरान चूल्हे की चिंगारी पास में रखे खाड़ू और कंडों तक पहुंच गई, जिससे आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरे कमरे को अपनी चपेट में ले लिया। टिनशेड से धुआं उठता देख आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास किया। ग्रामीणों ने सबमर्सिबल पंप चलाकर काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक घर में रखा सारा सामान जल चुका था।

किसान के भाई राहुल ने बताया कि घर के एक ही कमरे में गृहस्थी का पूरा सामान रखा था। आग से सर्दियों के कपड़े, गेहूं, अन्य अनाज और अलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवर जल गए। खेती-किसानी ही परिवार की आय का एकमात्र साधन है। गृहस्थी का सामान नष्ट होने से परिवार के सामने संकट खड़ा हो गया है। घटना के बाद किसान और उसका परिवार बदहवास है।

किसान पवन सिंह ने बताया कि लेखपाल रोहित नुकसान का आकलन करने पहुंचे हैं। वहीं, सिरसा कलार थानाध्यक्ष वरुण प्रताप सिंह ने बताया कि मामले की जानकारी कराई जा रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *