= घर पर रहकर मरीजों का करते थे इलाज, परिवार की खुशियां मातम में बदलीं
संवाद न्यूज एजेंसी
आटा/कालपी। त्योहार की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब सड़क हादसे में बाइक सवार एक बुजुर्ग की जान चली गई। शुक्रवार शाम कालपी-चंडौत मार्ग पर काशीखेड़ा के पास पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए, इलाज कर लिए ले जाते समय उनकी मौत हो गई।
आटा थाना क्षेत्र के कहटा निवासी रामप्रकाश (65) निवासी किसी काम से कालपी गए थे। शुक्रवार शाम वह बाइक से अपने गांव कहटा लौट रहे थे। जैसे ही वह कालपी कोतवाली क्षेत्र के काशीखेड़ा के पास पहुंचे, तभी पीछे से आए ट्रक ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने से वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। एक तरफ घर में धनतेरस और दीपावली के त्योहार को लेकर तैयारियां चल रही थीं, वहीं दूसरी तरफ परिवार को रामप्रकाश की मौत की खबर ने झकझोर कर रख दिया। पत्नी मुन्नी देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं दोनों बेटे रविंद्र और योगेंद्र पिता की मौत से बेसुध हैं। जिस घर में त्योहार की खुशियां मनाने की तैयारी थी, वहां अब मातम पसरा हुआ है।परिजनों ने बताया कि रामप्रकाश गांव में ही रहकर लोगों का इलाज करते थे। आसपास के दर्जनों गांवों के मरीज छोटी-मोटी बीमारियों के उपचार के लिए उनके पास आते थे। क्षेत्र में उनकी पहचान एक घरेलू चिकित्सक के रूप में थी। उनके निधन से परिवार के साथ ही परिचितों और क्षेत्र के लोगों में भी शोक की लहर है। त्योहार के मौके पर हुई इस दर्दनाक घटना से गांव में भी गम का माहौल है।

