उरई। नदीगांव ब्लॉक के बरगवां और सुलखना गांव में डेंगू के मरीज मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग की मलेरिया टीम ने बृहस्पतिवार को निरोधात्मक कार्रवाई की। टीम ने प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर मच्छरों के लार्वा की जांच और बचाव संबंधी गतिविधियां कीं। साथ ही ग्रामीणों को डेंगू से बचाव के प्रति जागरूक किया।
कार्रवाई में वरिष्ठ मलेरिया निरीक्षक केके पांडेय, फाइलेरिया निरीक्षक मैत्रेय प्रभाकर, फील्ड वर्कर विजय और राजकुमार के साथ आशा कार्यकर्ता कैलाशी व अनीता ने सहयोग किया। जिला मलेरिया अधिकारी चंद्रशेखर ने बताया कि जिले में अब तक डेंगू के 18 मरीज मिल चुके हैं। (संवाद)

