जालौन। विवाद के चलते एक युवक ने पत्नी समेत छह नामजद और दो अज्ञात ससुरालीजनों पर जान से मारने की नीयत से तमंचे से 12 राउंड फायरिंग करने का आरोप लगाया है। कोतवाली में सुनवाई न होने पर पीड़ित ने न्यायालय की शरण ली। न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला रावतान निवासी सचिन कुमार श्रीवास्तव ने न्यायालय में प्रार्थनापत्र दिया। इसमें बताया कि उसकी पत्नी नेहा ने परिवार से अलग रहने की शर्त रखी थी। इसके लिए मना करने पर वह मायके लखनऊ चली गई। आरोप है कि 10 मई को सिद्धी विनायक गेस्ट हाउस, जालौन में दोनों पक्षों के बीच पंचायत हुई थी।
सचिन के मुताबिक पंचायत के दौरान पत्नी नेहा, उसके पिता शिवप्रकाश, मां विमला देवी, भाई विवेक और वंश, बहन निहारिका समेत दो अन्य रिश्तेदारों ने उससे तलाक लेने के बदले 30 लाख रुपये देने की मांग की। रुपये देने से मना करने पर इन लोगों ने गालीगलौज करते हुए उसके साथ मारपीट की। आरोप है कि विवेक ने कमर से तमंचा निकालकर उस पर 12 राउंड फायर किए। युवक ने किसी तरह बचकर अपनी जान बचाई।
पीड़ित ने बताया कि घटना के बाद उसने कोतवाली और पुलिस अधीक्षक से शिकायत की, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उसने न्यायालय का दरवाजा खटखटाया। न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने छह नामजद और दो अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली।
न्यायालय के आदेश पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
लालबाबू मिश्रा, प्रभारी कोतवाल
