Loader overturns into ditch after hitting pole; driver injured.

फोटो – 01 खंदक में पलटा लोडर। संवाद
– फोटो : ArchivE

आटा। आटा-इटौरा मार्ग पर मंगलवार की देर रात जानवरों का झुंड अचानक सामने आने से लोडर अनियंत्रित होकर बिजली के पोल से टकरा गया और पानी से भरी खंदक में पलट गया। हादसे में चालक लोडर के अंदर फंसकर घायल हो गया। पुलिस ने लोगों की मदद से उसे बाहर निकालकर मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया।


कालपी थाना क्षेत्र के कुरहना गांव निवासी हरेंद्र (35) लोडर से भाड़ा लेकर कानपुर देहात के ग्राम चौरा गया था। रात करीब साढ़े नौ बजे आटा में पानी की टंकी के पास अचानक जानवरों का झुंड सामने आने से चालक नियंत्रण खो बैठा और लोडर बिजली के पोल से टकराकर खंदक में पलट गया। पुलिस ने चालक को बाहर निकलवाने के बाद लोडर को भी खंदक से बाहर कराया। आटा-इटौरा मार्ग पर सड़क किनारे खड़े करीब डेढ़ दर्जन बिजली के पोल हादसों का सबब बने हुए हैं। सड़क निर्माण के दौरान इन पोलों को हटाया नहीं गया, जिससे आए दिन वाहन इनसे टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो रहे हैं। स्थानीय लोगों ने बिजली के पोलों को हटवाकर सुरक्षित स्थान पर लगवाने की मांग की है।

आटा थानाध्यक्ष अभिलाष मिश्रा ने बताया कि घायल चालक को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *