कालपी। महेवा ब्लॉक क्षेत्र के एक गांव में मंगलवार सुबह विधवा के कमरे में बक्से से उसका कथित प्रेमी निकल आया। ग्रामीणों ने युवक को पीटा और महिला के साथ गांव में घुमाया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
गांव में सुबह महिला की जेठानी को कमरे में रखे बक्से से आवाज सुनाई दी। पहले उसे लगा कि बक्से में चूहा घुस गया है। जब बक्सा खोला गया तो उसमें एक युवक छिपा मिला। यह देखकर जेठानी ने शोर मचा दिया। इसके बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।
बताया जा रहा है कि युवक की पहचान कुठौंद थाना क्षेत्र के ग्राम बिजुआपुर निवासी गोविंद निषाद के रूप में हुई है, जो महिला का रिश्तेदार बताया जा रहा है। ग्रामीणों का दावा है कि युवक पिछले तीन दिनों से घर में छिपकर रह रहा था। दिन में वह बक्से के अंदर रहता था और रात में बाहर निकलता था। हालांकि पुलिस ने इन दावों की पुष्टि नहीं की है।
घटना के बाद करीब चार घंटे तक गांव में हंगामा चलता रहा। इस दौरान युवक की पिटाई भी की गई। वायरल वीडियो में भी लोगों की भीड़ और विवाद दिखाई देने की बात सामने आ रही है।
स्थानीय लोगों के अनुसार पूछताछ के दौरान युवक ने दावा किया कि उसकी पत्नी ने उसे चुनौती दी थी कि अगर असली बाप के हो तो महिला से संपर्क बनाकर दिखाओ। वहीं महिला ने आरोप लगाया कि युवक उसे और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी देता था, जिसके कारण वह उसके दबाव में आ गई। इन बयानों की भी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
कालपी कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अजय ब्रह्म तिवारी ने बताया कि मामले में अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से तहरीर नहीं दी गई है। वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है। शिकायत मिलने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
