कुठौंद। बोलेरो की टक्कर से गंभीर रूप से घायल युवक की शनिवार रात कानपुर में उपचार के दौरान मौत हो गई। हादसे के बाद युवक की पत्नी की तहरीर पर पुलिस ने बोलेरो चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया है।
सिरसा कलार थाना क्षेत्र के लोहई दिवारा गांव निवासी विनय कुमार तिवारी (45) शुक्रवार को कुठौंद कस्बे के माधौगढ़ रोड स्थित गेस्ट हाउस में त्रयोदशी कार्यक्रम में शामिल होने आए थे। देर शाम कार्यक्रम से लौटते समय बाइक से जा रहे विनय को बोलेरो ने टक्कर मार दी। टक्कर के बाद वह बोलेरो के बोनट में फंस गए। आरोप है कि चालक उन्हें करीब 200 मीटर तक घसीटता हुआ ले गया। गंभीर हालत में लोगों ने उन्हें स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां से कानपुर रेफर कर दिया गया। शनिवार को इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
मृतक की पत्नी बीनू तिवारी ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि हादसे से पहले बोलेरो चालक राजवीर सिंह ने उनके पति से गालीगलौज की और जान से मारने की धमकी दी थी। इसके बाद जानबूझकर तेज रफ्तार से बोलेरो चलाकर बाइक में टक्कर मारने और काफी दूर तक घसीटने का आरोप लगाया है।
थाना प्रभारी जगदंबा प्रसाद द्विवेदी ने बताया कि बोलेरो चालक को हिरासत में लिया गया है। मृतक की पत्नी की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। विनय किसानी और ड्राइविंग कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके परिवार में पत्नी के अलावा तीन बेटियां और एक बेटा है।
