उरई। इंदिरा नगर में सोमवार शाम वर्चस्व को लेकर युवक पर जानलेवा हमला करने के मामले में घायल के पिता की तहरीर पर पुलिस ने चार नामजद व एक अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। झांसी मेडिकल कॉलेज में युवक की हालत गंभीर बनी हुई है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमों को लगाया गया है।

शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला कृष्णा धाम के पीछे नया रामनगर निवासी राजू यादव ने कोतवाली पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनका पुत्र मोहित यादव सोमवार शाम करीब सात बजे इंदिरा नगर स्थित जीतू ठाकुर वाली गली में था। आरोप है कि इसी दौरान रामनगर कृष्णा धाम के पीछे निवासी रामजी सोनी, इंदिरा नगर निवासी अजय सिंह, रिषु ठाकुर, श्यामजी सोनी और उनके साथ कुछ अज्ञात लोग वहां पहुंचे। सभी ने एक राय होकर मोहित पर धारदार हथियारों से हमला कर दिया।

आरोप है कि इस दौरान एक आरोपी ने तमंचे से मोहित को गोली मार दी। गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। इसके बाद आरोपी धमकी देते हुए मौके से भाग गए। सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और घायल को अस्पताल ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।

पिता की तहरीर पर पुलिस ने हत्या के प्रयास सहित अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली है।

गोली मारने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल

घटना के दौरान युवक पर हमला और गोली चलाए जाने की पूरी वारदात पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। इसका वीडियो मंगलवार को सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो में आरोपियों द्वारा युवक पर धारदार हथियार से हमला करने के बाद तमंचे से गोली मारते हुए दिखाई देने की बात सामने आई है। गोली लगने के बाद घायल युवक हिम्मत जुटाकर अपने परिजनों को फोन करता नजर आ रहा है।

एएसपी डॉ. ईशान सोनी ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तीन पुलिस टीमों का गठन किया गया है। जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अभी अभी की खबरें