कालपी। चुर्खी थाना क्षेत्र के ग्राम सरसई में रविवार रात शादी को लेकर दो युवकों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर एक युवक ने दूसरे पर तमंचे से फायर कर दिया। गोली से युवक बाल-बाल बच गया। इसके बाद युवक ने तमंचे की बट से उसके सिर पर वार कर घायल कर दिया। पुलिस आरोपी की तलाश शुरू कर दी।

ग्रामीणों के अनुसार सरसई निवासी राघवेंद्र गुर्जर उर्फ झम्मन ने करीब छह माह पहले पड़ोसी राज गुर्जर की शादी रेंढ़र थाना क्षेत्र के मानपुरा गांव में कराई थी। शादी से पहले दोनों परिवारों के बीच घरेलू संबंध थे। शादी के कुछ समय बाद राज गुर्जर कथित तौर पर वैवाहिक संबंध से असंतुष्ट हो गया। इसके बाद वह शादी कराने के लिए राघवेंद्र को जिम्मेदार मानने लगा और दोनों के बीच अनबन रहने लगी।

राघवेंद्र के भाई अहिबरन सिंह ने बताया कि रविवार रात करीब आठ बजे राघवेंद्र गांव में विक्की गुर्जर के दरवाजे के पास बने चबूतरे पर बैठे थे। इसी दौरान राज गुर्जर वहां पहुंचा और शादी को लेकर उससे बहस करने लगा। आरोप है कि राज ने कहा कि शादी के मामले में उसके साथ ठीक नहीं किया गया। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया और उसने तमंचे से राघवेंद्र पर गोली चला दी। राघवेंद्र गोली की चपेट में आने से बाल-बाल बच गए।

आरोप है कि इसके बाद राज गुर्जर ने राघवेंद्र के सिर पर तमंचे की बट मारी और भाग गया। हमले में राघवेंद्र घायल हो गए।

थानाध्यक्ष अनिल कुमार ने बताया कि घटना की जानकारी मिली थी और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की है। अभी तक थाने में कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने पर मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *