एट। थाना क्षेत्र के इंगुई खुर्द गांव में घर के आंगन में शौचालय के लिए खोदे गए पानी भरे गड्ढे में छह वर्षीय मासूम की डूबकर मौत हो गई। पांच दिन पहले ही गड्ढा बनवाया गया था। उसकी मजबूती के लिए उसमें पानी भरकर छोड़ दिया गया था।

थाना क्षेत्र के ईंगुई खुर्द निवासी नाजिम खान ने पांच दिन पहले घर के आंगन में शौचालय का गड्ढा बनवाया था। निर्माण के बाद गड्ढे को मजबूत करने के लिए उसमें पानी भरकर छोड़ दिया गया था। बृहस्पतिवार सुबह करीब आठ बजे नाजिम का छह वर्षीय बेटा अर्श खान घर में खेल रहा था। उस समय परिवार के लोग अपने-अपने काम में लगे थे। इसी दौरान खेलते हुए अर्श पानी से भरे गड्ढे के पास पहुंच गया और अचानक उसमें गिर गया। गड्ढा पूरा भरा होने के कारण वह बाहर नहीं निकल सका और डूबने से उसकी मौत हो गई।

कुछ देर बाद परिजनों को घटना की जानकारी हुई तो उन्होंने बालक को गड्ढे से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। परिजन ने पुलिस को सूचना दिए बिना ही उसका अंतिम संस्कार कर दिया। थाना प्रभारी शिवशंकर सिंह का कहना है कि मासूम की मौत की सूचना मिली है। परिजनों से जानकारी ली जा रही है।



Source link