माधौगढ़। ऊंचा रोड से मींगनी रोड तक करीब 200 मीटर लंबे चकमार्ग के चौड़ीकरण को लेकर किसानों और सोलर प्लांट के ठेकेदार के बीच विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। सोमवार दोपहर किसानों ने एसडीएम को शिकायती पत्र देकर चकमार्ग पर मिट्टी डालकर चौड़ा किए जाने पर रोक लगाने की मांग की। एसडीएम ने किसानों को आश्वासन दिया कि चकमार्ग का चौड़ीकरण नहीं कराया जाएगा और किसानों की जमीन पर मिट्टी नहीं डाली जाएगी।
बता दें कि मींगनी मौजे में बीहड़ क्षेत्र की करीब 300 एकड़ जमीन पर सोलर प्लांट का निर्माण कार्य चल रहा है। निर्माणाधीन प्लांट तक मशीनों और अन्य भारी वाहनों के आवागमन के लिए ठेकेदार शिवसिंह द्वारा मींगनी से ऊंचा तक करीब 200 मीटर लंबे और 10 फीट चौड़े चकमार्ग का चौड़ीकरण कराया जा रहा है। इस चकमार्ग में पांच गांवों के करीब 15 किसानों की जमीन प्रभावित हो रही है।
किसानों का आरोप है कि चकमार्ग पर अतिरिक्त मिट्टी डाले जाने से उनके खेतों का रकबा कम हो जाएगा। इस संबंध में किसानों ने पहले थाना समाधान दिवस में शिकायत की थी। इसके बाद कोतवाल विनोद कुमार मिश्रा के हस्तक्षेप पर मिट्टी डालने का काम बंद करा दिया गया था। किसानों का आरोप है कि ठेकेदार रात के अंधेरे में चकमार्ग पर मिट्टी डलवा रहे हैं।
सोमवार को किसान बलराम पाल, किशन देवी, हरनारायण पाल, महेश सिंह, संतोष ओझा, अमर सिंह ने एसडीएम अभिनव कुमार यादव से शिकायत करते हुए बताया कि करीब छह माह पहले क्षेत्र पंचायत की ओर से चकमार्ग पर मिट्टी डलवाई जा चुकी है। इसके बाद दोबारा मिट्टी डालकर चौड़ीकरण करने से उनकी कृषि भूमि का रकबा कम हो जाएगा। एसडीएम ने किसानों को भरोसा दिलाया कि उनकी जमीन पर मिट्टी नहीं डाली जाएगी।
किसान बोले, कम हो जाएगा रकबा
ऊंचा रोड से मींगनी रोड तक 200 मीटर चकमार्ग पर पांच गांव भीमनगर, महाराजपुरा, भगवानपुरा, मींगनी, मध्यप्रदेश के गांव मिहौना के किसान बलराम पाल, संतोष पाल, किशन स्वरूप, हरनारायण पाल, अमर सिंह,गंगू देवी, महेंद्र, रामबेटी,रामसनेही, महेश,संतोष चौधरी, कमलेश,पप्पू सहित 15 किसानों की जमीन पड़ती है। किसानों का कहना है सोलर प्लांट के ठेकेदार शिव सिंह चकमार्ग में मिटटी डालने का प्रयास कर रहे है। मिटटी डाल दी जाती है खेत का रकबा कम होगा, जिससे लाखों रुपये का नुकसान होगा।

