उरई/रामपुरा। मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेले में रविवार को जिले के 34 ग्रामीण और सात शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर मरीजों की जांच की गई। कुल 1551 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण हुआ। इसमें 109 बुखार के रोगियों में 107 की मलेरिया जांच कराई गई।
सीएमओ डॉ. एचएन प्रसाद ने एसीएमओ डॉ. एपी वर्मा के साथ चार स्वास्थ्य केंद्रों पर आयोजित आरोग्य मेलों का निरीक्षण किया। उन्होंने साढ़े 12 बजे पीएचसी छिरिया सलेमपुर में मेले का जायजा लिया। यहां निरीक्षण के समय 26 मरीजों का परीक्षण हो चुका था। इसके बाद 1:40 बजे पीएचसी जगम्मनपुर पहुंचे, जहां 77 मरीज देखे जा चुके थे। दोपहर 2:30 बजे पीएचसी नावर और 3:10 बजे पतराही में आयोजित मेले का निरीक्षण किया। नावर में 30 और पतराही में 83 मरीजों का परीक्षण हो चुका था। निरीक्षण के दौरान सभी जगह स्टाफ उपस्थित मिला।
नावर में ओपीडी कम मिलने पर सीएमओ ने नाराजगी जताई। उन्होंने आशाओं के माध्यम से मेले का प्रचार-प्रसार कराने और अधिक से अधिक मरीजों को स्वास्थ्य केंद्र तक पहुंचाने के निर्देश दिए। रामपुरा सीएचसी के चिकित्सा अधीक्षक को नावर पीएचसी का नियमित निरीक्षण करने को कहा गया। उन्होंने मेले में आने वाले मरीजों में विशेष रूप से बुखार, खांसी और जुकाम के मरीजों को चिह्नित करने के निर्देश दिए। रजिस्टर और लॉजिस्टिक्स का रखरखाव ठीक न मिलने पर संबंधित कर्मचारियों को चेतावनी दी गई। साथ ही चिकित्सालय में साफ-सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।
त्वचा रोगियों की संख्या सबसे अधिक
जिले में आयोजित आरोग्य मेलों में सबसे अधिक 247 मरीज त्वचा संबंधी बीमारी के पहुंचे। इसके अलावा 200 लिवर, 118 श्वसन संबंधी, 80 डायबिटीज, 76 उच्च रक्तचाप और 14 खून की कमी के मरीजों का परीक्षण किया गया। 46 गर्भवती महिलाओं की जांच हुई। 16 लोगों की हेपेटाइटिस और 25 की आंखों की जांच की गई। एक मरीज को एंबुलेंस से उच्च सेंटर रेफर किया गया।
बदलते मौसम में वायरल फीवर और त्वचा संक्रमण ने बढ़ाई चिंता
सिरसा कलार। बदलते मौसम के साथ वायरल फीवर और त्वचा संक्रमण के मरीजों की संख्या बढ़ने लगी है। रविवार को न्यू पीएचसी नियामतपुर में आयोजित मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले में जांच कराने पहुंचे मरीजों में करीब 30 लोग वायरल फीवर और खुजली समेत त्वचा संक्रमण की समस्या से पीड़ित मिले। पीएचसी प्रभारी डॉ. धीरज राजपूत ने बताया कि मौसम में बदलाव के चलते वायरल फीवर और त्वचा संबंधी संक्रमण के मरीज सामने आ रहे हैं। उन्होंने लोगों से साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने और बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर चिकित्सक से परामर्श लेने की अपील की। इस दौरान डॉ. राजेंद्र गुप्ता, एलटी बृजेंद्र कुमार रहे। (संवाद)
