– कई प्लाॅटों की तो बोली बेस प्राइस से तीन गुना से ज्यादा कीमत तक गई

Trending Videos

अमर उजाला ब्यूरो

झांसी। भूखंडों की नीलामी करके झांसी विकास प्राधिकरण मालामाल हो गया है। जेडीए के खाते में 10.68 करोड़ रुपये आ गए हैं। कई प्लाॅटों की तो बोली बेस प्राइस से तीन गुना से ज्यादा कीमत तक गई है। हालांकि, जेडीए के चार व्यावसायिक भूखंडों को लेने में किसी ने रुचि नहीं दिखाई है।

झांसी विकास प्राधिकरण ने नौ सितंबर को बेतवा विहार, पीतांबरा नगर, सारंध्रा नगर और वीरांगना नगर आवासीय योजना के तहत 24 भूखंडों के लिए ऑनलाइन ई-नीलामी खोली थी। इसमें कुछ व्यवसायिक और ज्यादातर आवासीय भूखंड शामिल थे। 8 अक्तूबर की शाम 4 बजे तक बोली लगाने का समय दिया गया था। मगर बाद में जेडीए ने 10-10 मिनट समय बढ़ाकर रात 9 बजे तक लोगों को ऑनलाइन बोली लगाने का समय दिया। इनमें से 20 प्लॉटों के लिए लोगों ने बोली लगाई।

बेतवा विहार आवासीय योजना स्थित स्कूल अथवा कम्युनिटी सेंटर, वीरांगना नगर आवासीय योजना स्थित एक भूखंड और पीतांबरा नगर आवासीय योजना स्थित दो व्यवसायिक भूखंडों के लिए बोली नहीं लगाई गई। वहीं, 20 भूखंडों की बिक्री से झांसी विकास प्राधिकरण को 10,68,72,500 रुपये की आय हुई है।

बेतवा विहार में 435 वर्ग फुट के प्लाॅट की बोली 4,45,000 रुपये से बढ़कर 13,60,500 रुपये तक पहुंच गई। वहीं, पीतांबरा नगर में 435 वर्ग फुट के प्लॉट की बोली 5,70,000 से शुरू होकर 1565000 रुपये पर समाप्त हुई।

वर्जन..

भूखंडों की ई-नीलामी के जरिये उच्चतम बोलीदाता के पक्ष में आवंटनपत्र जारी करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। असफल आवेदकों के खातों में पंजीकरण राशि वापस कराई जा रही है। – आलोक यादव, उपाध्यक्ष, जेडीए।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *